थल्ली सियुका स्कूल में आज का चैंपियन प्रतियोगिता के तहत अंक ज्ञान की जानकारी हासिल करते स्कूली ब?
- फोटो : Chamba
चंबा। जिले की राजकीय प्राथमिक पाठशाला थल्ली सियुका में शिक्षक कोरोना काल में हुए पढ़ाई के नुकसान की भरपाई के लिए बच्चों में नई-नई गतिविधियां करवा रहे हैं। स्कूल में अंक ज्ञान देने के लिए बच्चों के लिए आज का चैंपियन कौन प्रतियोगिता करवाई जा रही है। हर बच्चे को प्रतियोगिता में हॉट सीट पर बैठने का मौका दिया जा रहा है। शिक्षकों ने कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर यह प्रतियोगिता शुरू की है। इसमें बच्चों से दस सवाल पूछे जा रहे हैं और सही जवाब देने पर निर्धारित राशि भी दी जा रही है। स्कूल में शब्द ज्ञान को लेकर नई व्यवस्था शुरू की गई है। इसमें ट्रेसिंग सीट्स तैयार कर उन पर लिखने का अभ्यास करवाया जा रहा है, जिससे बच्चों के पठनपाठन को सुधारा जा रहा है। लैमिनेटेड ट्रेसिंग सीट्स तैयार कर स्केच पेन से लिखने का अभ्यास करवाया जा रहा है। इससे बच्चे आसानी से लिखना सीख रहे हैं। अध्यापक देशराज और नेक राज ने बताया कि लर्निंग मैटेरियल से बच्चों को बेसिक ज्ञान दिया जा रहा है।
प्रतियोगिता से बढ़ाया जा रहा ज्ञान : देश राज
स्कूल प्रभारी देशराज ने बताया कि कोरोना महामारी के चलते बच्चों की पढ़ाई काफी प्रभावित हुई है। ऑनलाइन माध्यम से बच्चों को दो साल तक पढ़ाया गया है, लेकिन लिखावट पर काफी असर पड़ा है। अंकों का ज्ञान भी कुछ बच्चे भूल गए। इसको लेकर कौन बनेगा करोड़पति की तर्ज पर कौन बनेगा आज का चैंपियन प्रतियोगिता करवाई जा रही है। इसमें भाग लेने के लिए बच्चों में काफी उत्साह है।
स्केच पेन से कर रहे अभ्यास : नेक राज
अध्यापक नेक राज ने बताया कि जब से स्कूल खुले हैं, नवाचारों के माध्यम से बच्चों को पढ़ाया जा रहा है। इसमें ट्रेसिंग सीट काफी कारगर साबित हो रही है। इसमें बच्चे स्केच पेन से लिखने का अभ्यास कर रहे हैं और बाद में इसे स्पंज से साफ भी किया जा सकता है। उन्होंने बताया कि टीएलएम टीचिंग लर्निंग मैटेरियल से भी बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाया जा रहा है।
खेल-खेल में करवा रहे पढ़ाई : देवो राम
स्कूल प्रबंधन समिति के अध्यक्ष देवो राम का कहना है कि स्कूल में तैनात अध्यापक बच्चों को खेल-खेल में पढ़ाई करवा रहे हैं। इससे बच्चों में खासा उत्साह भी है। उन्होंने कहा कि कोरोना के कारण बच्चों की पढ़ाई काफी प्रभावित हुई है। ऐसे में नए-नए प्रयोग कर बच्चों की पढ़ाई को अध्यापक कवर कर रहे हैं।