डलहौजी (चंबा)। उपमंडल डलहौजी के एक कोरोना संक्रमित व्यक्ति को परिजन एयरलिफ्ट कर फरीदाबाद ले गए। डीसीएचसी डलहौजी के स्टाफ ने उन्हें पठानकोट तक भिजवाने में अहम भूमिका निभाई। जानकारी के मुताबिक कोरोना संक्रमितमरीज को उसके परिजनों ने उपचार के लिए गत 17 मई को गंभीर हालत में डीसीएचसी डलहौजी में दाखिल करवाया था। मरीज के कोरोना संक्रमित होने के साथ ही उसका शूगर लेवल भी काफी बड़ा हुआ था। हालांकि, डॉक्टरों के प्रयास से अस्पताल में मरीज की हालत में काफी सुधार भी हो गया।
बताया जा रहा है कि मरीज मूल रूप से डलहौजी उपमंडल का निवासी है और उसका दिल्ली में भी अपना घर है। गत दिनों इस मरीज के पिता की भी कोरोना से मौत हो गई थी। ऐसे में मरीज के परिजन उसका इलाज पारिवारिक सदस्यों की मौजूदगी में फरीदाबाद के फोर्टिस अस्पताल में करवाना चाहते थे। इस संबंध में परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन के पास लिखित आग्रह किया था। वहीं, मरीज को पठानकोट एयरपोर्ट से एयर एबुंलेंस में लिफ्ट करवाने की भी डीसी पठानकोट से अनुमति लेने के बाद एयर एंबुलेंस की व्यवस्था की थी। परिजनों के आग्रह पर डीसीएचसी डलहौजी के प्रभारी एसएमओ डॉ. विपिन ठाकुर ने फौरन सीएमओ कपिल शर्मा से बात की।
वहीं, एसएमओ डॉक्टर विपिन ठाकुर से मिली जानकारी पर एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर ने भी उपायुक्त डीसी राणा से मरीज को एयरलिफ्ट करवाने के लिए विशेष अनुमति दिलवाने में अहम भूमिका निभाई। उसके बाद बुधवार सुबह मरीज को हवाई सफर के लिए फिट आंकते हुए उसे एयर लिफ्ट करवाने के लिए एंबुलेंस के माध्यम से पठानकोट एयरपोर्ट भिजवाया गया। मरीज को हवाई सफर के लिए फिट हालत में पठानकोट एयरपोर्ट तक पहुंचाने और मरीज का उचित उपचार कर उसकी स्थिति में सुधार करने पर मरीज के परिजनों ने डीसीएचसी डलहौजी के एसएमओ डॉ. विपिन ठाकुर, स्टाफ, सीएमओ कपिल शर्मा, उपायुक्त डीसी राणा और एसडीएम डलहौजी जगन ठाकुर का आभार जताया है।