महंगाई का झटका... पैकेट बंद पनीर और दही के दाम में 5 से 10 रुपये की बढ़ोतरी
एक हफ्ता पहले दो रुपये लीटर बढ़े थे दूध के दाम, गृहिणियों का बजट गड़बड़ाया
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिले में पैकेट बंद दूध के बाद अब दही और पनीर के दामों में भी बढ़ोतरी हो गई है। उपभोक्ताओं को अब दही और पनीर की कीमतों के लिए जेब ढीली करनी पड़ रही है।
दही और पनीर के रेट 5 से 10 रुपये प्रति किलो तक बढ़ गए हैं। एक सप्ताह पहले दूध के दामों में दो रुपये की बढ़ोतरी हुई थी। महंगाई की मार पड़ने से गृहिणियों की रसोई का बजट डगमगा गया है।
जानकारी के अनुसार जिला मुख्यालय के बाजारों में पहले दही 80 रुपये प्रतिकिलो मिल रहा था। हाल ही में हुई बढ़ोतरी के बाद अब 85 रुपये की प्रति किलोग्राम दाम हो गए हैं। पनीर अब 290 रुपये प्रति किलोग्राम बिक रहा है। गौरतलब है कि एक सप्ताह पहले ही पैकेट बंद दूध 2 रुपये प्रति लीटर महंगा हो गया था। अब दही और पनीर के दामों में बढ़ोतरी होने से लोगों पर महंगाई की मार पड़ने लगी है।
परिचर्चा
पहले दूध महंगा हुआ और अब दही-पनीर के भी दाम बढ़ गए है। इससे महंगाई बढ़ी है। ग्राहकों पर बढ़े दाम का असर दिख रहा है। - दिनेश कुमार, दुकानदार
पिछले एक सप्ताह से लगातार दुग्ध उत्पादों के दामों में बढ़ोतरी का सिलसिला जारी है। अब मक्खन और घी ही शेष बचा है। - अरुण कुमार, दुकानदार
दूध के दाम बढ़ने से दिक्कतें पहले ही बढ़ गई थीं लेकिन अब दही और पनीर के दाम भी बढ़ने से ओर परेशानियां बढ़ने वाली हैं। -हितेश चौणा, ग्राहक
महंगाई का असर बिक्री पर दिख रहा है। अब दुग्ध उत्पादों की बिक्री कम हुई है। इससे खासकर गृहिणियों की दिक्कतें ज्यादा बढ़ गई हैं। - साबर मलिक, दुकानदार