दो माह से लंबित है वेतन, कर्मचारियों ने दी आंदोलन को तेज करने की चेतावनी
चेतावनी- जब तक वेतन का भुगतान नहीं होता, तब तक ठप रखा जाएगा काम
संवाद न्यूज एजेंसी
चुराह (चंबा)। हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड की 48 मेगावाट चांजू-3 जलविद्युत परियोजना में कार्यरत कर्मचारियों का गुस्सा आखिरकार फूट पड़ा।
वेतन के भुगतान में लगातार हो रही देरी से नाराज कामगारों ने शुक्रवार को परियोजना स्थल पर काम बंद करवा दिया। उन्होंने साफ कहा कि जब तक बकाया वेतन जारी नहीं किया जाता, तब तक काम पूरी तरह बंद रहेगा। कर्मचारियों का आरोप है कि ठेकेदार कंपनी एसीएनसी की ओर से मार्च और अप्रैल का वेतन अब तक जारी नहीं किया गया है। पहले हर माह की 20 तारीख से पहले वेतन मिल जाया करता था। कर्मचारियों ने कहा कि पिछले वर्ष का बकाया, अवकाश नकदीकरण और बोनस भी अब तक लंबित पड़ा है। इससे आर्थिक संकट गहरा गया है। कामगारों ने परियोजना प्रबंधक को सौंपे ज्ञापन में कहा कि वेतन न मिलने के कारण परिवारों का भरण-पोषण करना मुश्किल हो गया है। बच्चों की पढ़ाई, राशन और अन्य जरूरी खर्च प्रभावित हो रहे हैं। कर्मचारियों ने आरोप लगाया कि कई बार कंपनी प्रबंधन से बातचीत के बावजूद केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं और भुगतान को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। कामगारों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द वेतन और अन्य लंबित भुगतान जारी नहीं किए गए तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि हड़ताल के दौरान का वेतन भी कंपनी प्रबंधन को देना होगा। ज्ञापन की प्रतियां उपमंडल अधिकारी (नागरिक) चुराह, उपायुक्त चंबा, श्रम अधिकारी चंबा, थाना प्रभारी तीसा और हिमाचल प्रदेश पावर कॉरपोरेशन लिमिटेड प्रबंधन को भी भेजी गई हैं।