राजकीय महाविद्यालय चंबा में प्रवेश लेने वाले 300 विद्यार्थियों ने नहीं दी प्रोस्पेक्ट्स फीस
कॉलेज में अब तक करीब 2200 विद्यार्थियों ने किया आवेदन, 1900 ने जमा करवाई फीस
पंकज सलारिया
चंबा। राजकीय महाविद्यालय चंबा में 300 विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया अटक गई है। इन विद्यार्थियों ने प्रोस्पेक्ट्स फीस जमा नहीं करवाई है। इस वजह से इन विद्यार्थियों की प्रवेश प्रक्रिया में रोड़ा आ गया है।
प्रोस्पेक्ट्स फीस जमा होने के बाद ही उनके प्रवेश के लिए किए गए आवेदन को स्वीकार किया जाएगा। अन्यथा उनकी प्रवेश प्रक्रिया मान्य नहीं होगी। कॉलेज प्रशासन ने विद्यार्थियों को प्रोस्पेक्ट्स फीस जमा करवाने के निर्देश दिए है।
राजकीय महाविद्यालय चंबा में एक जून से प्रवेश की प्रक्रिया जारी है। कॉलेज में अब तक 2200 विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है। इनमें से तीन सौ ऐसे विद्यार्थी हैं जिन्होने प्रोस्पेक्ट्स फीस जमा नहीं करवाई है। 1900 विद्यार्थियों ने भी आवेदन के साथ प्रोस्पेक्ट्स फीस भरी है। कॉलेज प्रशासन की मानें तो ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया की अंतिम तिथि 19 जून है। बीस जून को बीए, बीएससी, बीकॉम संकाय के प्रथम वर्ष की मेरिट सूची जारी कर दी जाएगी। दूसरी मेरिट सूची 24 जून को जारी होगी। कॉलेज प्रशासन की ओर से ऑनलाइन प्रवेश प्रक्रिया के लिए फॉर्म भरवाए जा रहे हैं ताकि विद्यार्थियों को कॉलेज के चक्कर ना काटने पड़े।
चंबा कॉलेज के प्राचार्य प्रो. राकेश राठौर ने बताया कि कॉलेज में 300 विद्यार्थियों ने प्रोस्पेक्ट्स फीस जमा नहीं करवाई है। इस वजह से उनका आवेदन स्वीकार नहीं किया गया है। कॉलेज में अब तक 1900 विद्यार्थियों ने प्रवेश के लिए आवेदन किया है।