चंबा शहर में अतिक्रमण को लेकर रेहड़ियों को जब्त करती नगर परिषद की टीम।संवाद
चंबा। शहर के मुख्य बाजार में सड़क और सार्वजनिक स्थानों पर सामान रखकर अतिक्रमण करने वालों पर नगर परिषद ने मंगलवार को कार्रवाई की।
औचक निरीक्षण के दौरान टीम ने तीन रेहड़ियां जब्त कीं, जबकि सात दुकानों के बाहर सड़क पर रखे स्टूल, बेंच, बर्तन और अन्य सामान को कब्जे में लिया।
टीम के बाजार में पहुंचते ही अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों और रेहड़ी संचालकों में हड़कंप मच गया। बाजार के विभिन्न हिस्सों में दुकानों के बाहर और सड़क किनारे रखे सामान की जांच की गई। कई दुकानदारों ने बिक्री का सामान दुकान की सीमा से बाहर सड़क तक फैला रखा था।
नगर परिषद की टीम ने सामान हटवाने के साथ दुकानदारों को सड़क और सार्वजनिक स्थान पर सामान न रखने की हिदायत दी। स्पष्ट किया गया कि दुकान की निर्धारित सीमा से बाहर सामान रखने पर कार्रवाई की जाएगी।
दुकानों के बाहर सामान और रेहड़ियां लगने से कई जगह सड़क की चौड़ाई कम हो रही थी। इससे राहगीरों को चलने में परेशानी के साथ वाहन चालकों की आवाजाही भी प्रभावित हो रही थी। व्यस्त समय में समस्या और बढ़ जाती है।
कार्रवाई के दौरान सहायक अभियंता संजीव शर्मा और कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर मौजूद रहे। टीम ने दुकानदारों को अतिक्रमण हटाने और भविष्य में नियमों का पालन करने की हिदायत दी।