दूसरे साथी और गाड़ी की तलाश में पुलिस पंजाब में दे रही दबिश
गिरफ्तार आरोपी पांच दिन की पुलिस रिमांड पर, पूछताछ में खोला राज
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। धरवाला से पिकअप की चोरी करने वाले मसकीन 32 पुत्र शेरूदीन निवासी गांव झिकली रानीपुर डाकघर तहसील एवं जिला पठानकोट को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
अन्य साथी की गिरफ्तारी और गाड़ी बरामद करने के लिए पुलिस टीम पंजाब में दबिश दे रही है। आरोपी को पांच दिन की पुलिस रिमांड मिली है। 17 को उसे दोबारा अदालत में पेश किया जाएगा। 12 जून को अंकुश पुत्र ओमराज निवासी गांव हिबरा ने पुलिस चौकी गैहरा में फोन के जरिये शिकायत दर्ज करवाई कि उनके पिता की पिकअप नंबर एचपी 73-1258 को अज्ञात लोग धरवाला से चुरा ले गए हैं। पुलिस ने जिले के सभी सीमांत क्षेत्र में लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगालना शुरू कर दिया।
पुलिस को सूचना मिली कि गाड़ी को मंगला के पास देखा गया है। 13 जून को पुलिस ने जोत मार्ग पर लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला तो उसमें गाड़ी चुवाड़ी की तरफ जाती नजर आई। अगले दिन पुलिस ने जसूर में लगे सीसीटीवी फुटेज की जांच की तो पता चला कि गाड़ी पठानकोट की तरफ जा रही है। गाड़ी चलाने वाले व्यक्ति की पहचान कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। उसके दूसरे साथी और गाड़ी की तलाश की जा रही है। थाना प्रभारी बाबू राम शर्मा की अगुवाई में पुलिस टीम ने इस चोरी की गुत्थी को सुलझाने में कदम बढ़ाया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि एक आरोपी पकड़ा जा चुका है। जल्द ही दूसरा आरोपी हिरासत और गाड़ी पुलिस के कब्जे में होगी।