चंबा। पांगी की कुमार पंचायत में पहाड़ी से पत्थर गिरने से उसकी चपेट में आई 34 वर्षीय रंजना कुमारी की मौत हो गई। कुमार की निवासी रंजना कुमारी अपनी सास और देवरानी के साथ सर्दियों के लिए जंगल से सूखी लकड़ियां लेने खौनुरू क्षेत्र गई थी। अचानक पहाड़ी से एक बड़ा पत्थर गिरा और वह सीधे रंजना के सिर पर लगा, जिससे वह घायल हो गई।
घटना की जानकारी मिलते ही ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और घायल महिला को उठाकर सिविल अस्पताल किलाड़ पहुंचाया, लेकिन वहां ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। स्थानीय लोग बताते हैं कि पांगी क्षेत्र में सर्दियों के लिए बालन और लकड़ियों का इंतजाम पहले से करना पड़ता है, जिससे इस तरह के जोखिम भरे कार्य आम हो जाते हैं।
उधर, थाना प्रभारी जोगिंद्र सिंह जरयाल ने बताया कि हादसा दोपहर करीब 1:30 बजे हुआ। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है और पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।