चंबा। दिवाली पर इस बार शहर में पटाखों की दुकानें बारगाह स्थित एटीएम के पास लगेंगी। पुलिस मैदान में भर्ती प्रक्रिया के चलते प्रशासन ने स्थान बदलने का निर्णय लिया है। यहां अधिकतम 35 स्टॉल लगाने की अनुमति दी जाएगी।
विज्ञापन
प्रशासन ने प्रत्येक स्टॉल के लिए 500 रुपये लाइसेंस शुल्क निर्धारित किया है। सुरक्षा के लिए मौके पर अग्निशमन विभाग की पानी से भरी गाड़ी तैनात रहेगी। वहीं, पटाखा मार्केट में आतिशबाजी करने पर प्रतिबंध रहेगा।
प्रशासन की टीमें दुकानों का औचक निरीक्षण करेंगी। शहर के गली-मोहल्लों में पटाखे बेचने पर भी रोक रहेगी। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
विज्ञापन
एसडीएम डॉ. चिराग शर्मा ने बताया कि पटाखों की बिक्री के लिए 35 स्टॉल की व्यवस्था की गई है। दुकानदारों को निर्धारित स्थान पर ही बिक्री करने और सुरक्षा नियमों का पालन करने के निर्देश दिए गए हैं।