संचूई के जंगल की घटना, भेड़-बकरियां चरा रहा था भेड़पालक
ग्रामीण खौफजदा, विभाग से भालू को दूर भगाने की उठाई मांग
संवाद न्यूज एजेंसी
भरमौर (चंबा)। संचूई के जंगल में अपनी भेड़-बकरियां चरा रहे भेड़पालक पर भालू ने हमला कर लहूलुहान कर दिया। शुक्रवार दोपहर बाद 3 बजे के करीब हुए भालू के हमले से बुरी तरह से घायल भेड़पालक चीखने-चिल्लाने लगा।
आवाज सुन कर ग्रामीण मौके पर पहुंचे। ग्रामीणों को आता देख भालू जंगल में भाग गया। ग्रामीणों ने घायल भेड़पालक को उठा कर सिविल अस्पताल भरमौर पहुंचाया। भेड़पालक के सिर में 16 टांके लगे हैं। उसे सीटी स्कैन करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा रेफर किया गया है। भालू के हमले के बाद क्षेत्र के ग्रामीण खौफजदा हैं। उन्होंने वन विभाग से भालू को रिहायशी क्षेत्र से दूर भगाने की मांग उठाई है।
रोजमर्रा की तरह दिलावर सिंह अपनी भेड़-बकरियों को चराने के लिए संचूई गांव से जंगल की ओर से गया। अचानक ताक लगा बैठे भालू ने उस पर हमला कर दिया। भेड़पालक की आवाजें सुन ग्रामीण मौके पर पहुंचे और उसे भरमौर अस्पताल पहुंचाया। जहां पर प्राथमिक उपचार के बाद उसे चंबा रेफर किया गया। सिविल अस्पताल भरमौर के विशेषज्ञ चिकित्सक अमर सिंह ने बताया कि भालू के हमले से घायल भेड़ पालक को प्राथमिक उपचार दिया गया है। सिर पर अधिक अंदरूनी घाव न हो इसलिए सीटी स्कैन करवाने के लिए मेडिकल कॉलेज चंबा भेजा गया है।