सहपाठी के घर चिंगारी सुलगी को पढ़ाई छोड़ आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े विद्यार्थी
पंचायत घघरौता के स्लेन गांव में हुई घटना, एनएसएस वालंटियरों की संख्या रही ज्यादा
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। पढ़ाई के बीच जब सहपाठी के घर से अचानक धुआं उठा तो कक्षा की दीवारों के भीतर बंद जिम्मेदारी बाहर निकल आई।
ग्राम पंचायत घघरौता के स्लेन गांव में लगी आग की सूचना मिलते ही सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिल्लाघ्राट के विद्यार्थी, विशेषकर एनएसएस वालंटियर, बिना देर किए मौके की ओर दौड़ पड़े और ग्रामीणों और शिक्षकों के साथ मिलकर आग पर काबू पाने के प्रयास में जुट गए।
गांव के पास ही सीनियर सेकेंडरी स्कूल सिल्लाघ्राट था। अचानक गांव के एक मकान में आग लग गई। यह मकान स्कूल में शिक्षा ग्रहण कर रहे सातवीं कक्षा के गुलशन का था। यह खबर स्कूल में आग की तरह फैल गई। सहपाठी के मकान से उठता धुआं देखकर विद्यार्थी आग बुझाने के लिए दौड़ पड़े। इनमें एनएसएस वालंटियर ज्यादा थे। शिक्षकों ने भी आग बुझाने का बीड़ा उठाया। करीब एक सौ मीटर दूर प्राकृतिक जल स्रोत से लेकर अग्निकांड स्थल तक विद्यार्थी खड़े हो गए और पानी की आपूर्ति सुनिश्चित बनाई। हालांकि, वे मकान को पूरी तरह जलने से बचा तो नहीं पाए मगर पास के मकानों तक आग नहीं पहुंचने दी। अध्यापक भी बच्चों के साथ मिलकर आग बुझाने में जुट गए। अध्यापकों में अजय सिंह, रमेश कुमार और हेम राज ठाकुर ने बताया कि पास के मकान में आग लग गई। जब वे पहुंचे तो आग ज्यादा फैल गई थी और अन्य घरों को भी खतरा पैदा हो सकता था। लिहाजा, प्राकृतिक जल स्रोत से लाइन लगाकर आग को बुझाया और अन्य घरों को सुरक्षा प्रदान की। प्रधानाचार्य भूपेंद्र ठाकुर ने बताया कि स्कूल के एनएसएस वालंटियरों सहित विद्यार्थियों और स्टाफ ने आग बुझाने में अपने भरसक प्रयास किए।