जोलना पंचायत के छछकड़ा गांव की घटना, पशुपालकों में डर का माहौल
संवाद न्यूज एजेंसी
सिहुंता (चंबा)। उपमंडल सलूणी की पंचायत जोलना के छछकड़ा गांव में अजगर (सराल) ने बकरी के बच्चे को जिंदा निगल लिया। इस घटना से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। घटना के बाद ग्रामीण और पशुपालक जंगल और सुनसान क्षेत्रों में जाने से भी डर रहे हैं।
गांव के पशुपालक सरदारी लाल बुधवार शाम को बकरियां को चराने के लिए जंगल ले गए थे। जंगल में अजगर ने बकरी के बच्चे को निगल लिया। पशुपालक के पहुंचने तक अजगर बकरी के बच्चे को निगल चुका था। पूरी घटना कुछ ही मिनटों में घटित हो गई। पशुपालक ने इसकी सूचना ग्रामीणों को दी। इसके बाद वन विभाग को सूचित किया गया। ग्रामीणों के साथ विभाग की टीम मौके पर पहुंची, तब तक अजगर बकरी के बच्चे को निगल चुका था। ग्रामीणों ने डंडों की मदद से अजगर को वहां से हटाया।
प्रभावित पशुपालक सरदारी लाल ने बताया कि यह घटना शाम के समय हुई। बकरियां जंगल में चर रहीं थीं। अचानक अजगर ने बकरी के बच्चे को शिकार बना लिया। ऐसी घटना पहले कभी नहीं मिली। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।
उधर, रेंज वन अधिकारी बरयाम गुलेरिया ने बताया कि सूचना मिलने के बाद बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर ग्रामीणों के सहयोग से डंडों और और पत्थरों की सहायता से अजगर को हटाया। वह बकरी के बच्चे को निगल चुका था जिससे बच्चा मर गया।