खज्जियार (चंबा)। पर्यटन स्थल में सड़क की दयनीय हालत पर्यटकों के वाहनों को क्षति पहुंचा रही है। खज्जियार पार्किंग के पास यू टर्न मोड़ पर सड़क उखड़ चुकी है। वहां पर छह इंच गहरा गड्ढा हो चुका है। यहां जब चालक वाहन को मोड़ते हैं तो उसके पलटने का खतरा बढ़ जाता है। दोपहिया वाहन सवार यहां गिर भी चुके हैं।
स्थानीय निवासी विशाल, सुरेंद्र, भाग चंद, मनोज कुमार, प्यार सिंह, अमर चंद, केवल और देसराज ने बताया कि नए साल का जश्न मनाने के लिए सैकड़ों पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। हर कोई सड़क की दयनीय हालत पर अपनी नाराजगी जाहिर कर रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग से मांग की है कि सड़क के गड्ढे को शीघ्र ठीक करवाया जाए। विभाग के अधिशासी अभियंता जोगिंद्र कुमार ने बताया कि जल्द ही सड़क की मरम्मत की जाएगी।