चंबा। उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने जिले में आपदा और चुनौतीपूर्ण भू-भाग को ध्यान में रखते हुए सभी दूरसंचार कंपनियों को वैकल्पिक नेटवर्क व्यवस्था के लिए ठोस कार्य योजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने दूरसंचार मंत्रालय के तहत एलएसए कार्यालय के वरिष्ठ अधिकारियों और विभिन्न दूरसंचार सेवा प्रदाता कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ राष्ट्रीय सूचना विज्ञान केंद्र के वीडियो कॉन्फ्रेंस कक्ष में बैठक की।
बैठक में अतिरिक्त महानिदेशक दूरसंचार (एलएसए हिमाचल) अनिल कुमार गुप्ता विशेष रूप से उपस्थित रहे। बैठक में गत मानसून के दौरान प्राकृतिक आपदा से प्रभावित दूरसंचार नेटवर्क, वर्तमान चुनौतियों और भविष्य में निर्बाध दूरसंचार सेवाएं सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक तकनीकी एवं प्रशासनिक उपायों पर गहन विचार-विमर्श किया गया।
मुकेश रेपसवाल ने जिले में दूरसंचार सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए जिला प्रशासन की ओर से सभी सेवा प्रदाता कंपनियों को आवश्यक समन्वय और हरसंभव सहयोग प्रदान करने का आश्वासन दिया। उपायुक्त ने बैठक में दूरसंचार कनेक्टिविटी के लिए सर्वेक्षण कार्यों से छूटे गांवों में सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए विस्तृत चर्चा के पश्चात संबंधित उपमंडल दंडाधिकारी नागरिक (एसडीएम) को ऐसे गांवों की पहचान कर उनकी सूची उपलब्ध करवाने को कहा।
बैठक में अतिरिक्त महानिदेशक दूरसंचार अनिल कुमार गुप्ता ने कहा कि आपदा की स्थिति में संचार तंत्र राहत और बचाव कार्यों का प्रमुख आधार होता है। बैठक में मिशन उत्कर्ष, भारत संचार निगम द्वारा कार्यान्वित की जा रही 4जी सेचुरेशन परियोजना, भारत नेट परियोजना इत्यादि पर भी विस्तृत चर्चा की गई।