जल जीवन मिशन के तहत शुरू हुआ प्रोजेक्ट, दूर होगी पानी की किल्लत
संवाद न्यूज एजेंसी
मैहला (चंबा)। विकास खंड मैहला की धीमला पंचायत में बढ़ती आबादी और पेयजल की बढ़ती मांग को देखते हुए जल शक्ति विभाग ने नए पेयजल टैंक के निर्माण का कार्य शुरू कर दिया है।
करीब सात लाख रुपये से बनने वाला यह टैंक क्षेत्र के हजारों लोगों के लिए राहत लेकर आएगा। जल शक्ति विभाग ने जल जीवन मिशन के तहत महत्वाकांक्षी परियोजना पर काम शुरू किया है। विभाग का कहना है कि पंचायत में इससे पहले भी एक पेयजल टैंक बनाया गया था लेकिन आबादी बढ़ने और पानी की जरूरत अधिक होने के कारण अब एक और टैंक का निर्माण करवाया जा रहा है। नया पेयजल टैंक बनने से कुलवारा, धीमला, रेह, टिकरेठी और भटेरा सहित आसपास के गांवों के लोगों को लाभ मिलेगा। खासकर गर्मियों के मौसम में पानी की कमी से जूझ रहे ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलने की उम्मीद है।
जल शक्ति विभाग के सहायक अभियंता मनोज ठाकुर ने बताया कि जल जीवन मिशन के तहत करीब सात लाख रुपये की लागत से टैंक का निर्माण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि परियोजना पूरी होने के बाद क्षेत्र में पेयजल आपूर्ति व्यवस्था और अधिक मजबूत होगी और लोगों को नियमित पानी उपलब्ध करवाया जा सकेगा।