चंबा-पठानकोट रूट पर परिहार के पास चालक की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा
एक घंटे बाद पहुंची दूसरी बस, रोजाना बसें खराब होने से यात्रियों की बढ़ी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
चनेड़ (चंबा)। जिले में एचआरटीसी बसों के खराब होने का सिलसिला जारी है। चंबा से पठानकोट जा रही बस का शनिवार सुबह परिहार के पास टायर पंक्चर हो गया।
बस में करीब 35 यात्री सवार थे। चलती बस का टायर पंक्चर होने से यात्रियों में हड़कंप मच गया लेकिन चालक ने बस को नियंत्रित कर लिया। चालक की सूझबूझ के कारण बड़ा हादसा टल गया।
यह बस सुबह आठ बजे बस चंबा से पठानकोट की ओर जा रही थी। परिहार के समीप पहुंचते ही अचानक टायर पंक्चर हो गया। बस खराब होने के बाद यात्रियों को करीब एक घंटे तक दूसरी बस का इंतजार करना पड़ा। यात्रियों में किशन कुमार, रमन कुमार, वीर सिंह, अपूर्वा ठाकुर, मनीषा कुमारी और अमित कुमार ने कहा कि बस खराब होने के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ी। करीब एक घंटे बाद दूसरी बस पहुंची। इसमें सभी यात्रियों को आगे भेजा गया। यात्रियों ने चंबा प्रशासन और परिवहन निगम से मांग की है कि रूट पर भेजने से पहले बसों की टायर, ब्रेक और अन्य जरूरी तकनीकी उपकरणों की पूरी जांच की जाए। उधर, एचआरटीसी के डीडीएम शुगल सिंह ने कहा कि बस में तकनीकी खराबी आई थी। यात्रियों के लिए दूसरी बस भेजी गई थी।