चंबा। दिहाड़ी लगाकर अपने घर जा रहे व्यक्ति की 150 मीटर खाई में गिरने से मौत हो गई। मृतक की पहचान लेहरी सिंह (56) पुत्र चंदू निवासी गांव तलाई, भलेई के रूप में हुई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार लेहरी सिंह शनिवार शाम को जब अपने घर जा रहा था तो जंगल के रास्ते में घर से कुछ दूरी पर उसका पांव फिसल गया और वह खाई में जा गिरा।
उसके चिल्लाने की आवाज को सुनकर आसपास के लोग वहां पहुंच गए। उन्होंने लेहरी के परिजनों को तुरंत इसकी सूचना दी। परिजन उसे उपचार के लिए अस्पताल ले गए। जहां पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही खैरी पुलिस थाना की टीम अस्पताल पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचाया। जहां रविवार को फोरेंसिक एक्सपर्ट की देखरेख में पोस्टमार्टम हुआ। उसके उपरांत शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने बताया कि खाई में गिरने से व्यक्ति की मौत का मामला सामने आया है। पुलिस इस मामले में हर पहलू को खंगाल रही है, उसी आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है।