सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र होली का भवन। संवाद
होली (चंबा)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) होली के भवन में मरीजों का इलाज और बच्चों की पढ़ाई एक साथ हो रही है। इसका कारण एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल के निर्माण कार्य में देरी है, जिससे विद्यार्थियों की शिक्षा प्रभावित हो रही है।
सीएचसी के निचले तल पर मरीजों का चेकअप, टेस्ट और एक्स-रे होते हैं, जबकि ऊपरी मंजिल में छठी से जमा दो तक के 240 विद्यार्थियों की कक्षाएं लग रही हैं। वहीं, स्कूल के बच्चों को माउंटेन ट्रेनिंग सेंटर के भवन में रहना पड़ रहा है।
जानकारी के अनुसार एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल होली के भवन निर्माण के लिए पहले खणी में जगह चिह्नित की गई थी। अब होली मुख्यालय में जगह चिह्नित हुई है। इस कारण भवन निर्माण कार्य में देरी हो रही है, जिससे विद्यार्थी वर्ग स्वयं को ठगा सा महसूस कर रहा है। ग्रामीण अजय कुमार, रमेश चंद, रंजीत कुमार, सुरेश कुमार, लब्धी राम, प्रमोद कुमार, जीवन सिंह, अर्जुन सिंह और उत्तम चंद ने बताया कि एकलव्य मॉडल रेजिडेंशियल स्कूल में अनुसूचित जनजाति वर्ग के विद्यार्थी शिक्षा प्राप्त कर रहे हैं। स्थानीय निवासियों और विद्यार्थियों की अपील है कि सरकार और प्रशासन इस मुद्दे पर शीघ्र ध्यान दें और आवश्यक कदम उठाएं।
स्कूल प्रबंधन की ओर से जिला प्रशासन से अनुमति लेकर कक्षाएं लगाई जा रही हैं। विद्यालय भवन का निर्माण कार्य आरंभ हो चुका है और भवन बनने पर विद्यार्थियों को वहां शिफ्ट कर दिया जाएगा। देवेंद्र गर्ग, नायब तहसीलदार, होली