लोगों में दहशत का माहौल, वन विभाग से निगरानी बढ़ाने की उठाई मांग
जंगलों में आग, भोजन की कमी से रिहायशी क्षेत्रों में बढ़ा वन्यजीवों का रुख
संवाद न्यूज एजेंसी
बनीखेत (चंबा)। प्रसिद्ध पर्यटन स्थल देवीदेहरा के रॉक गार्डन में एक मादा भालू तीन शावकों के साथ रिहायशी इलाके में दिखाई दी। इससे स्थानीय लोगों में उत्साह के साथ दहशत का माहौल पैदा हो गया।
स्थानीय लोगों के अनुसार मादा भालू और उसके तीन बच्चों को आबादी के नजदीक घूमते हुए देखा गया। इस दौरान कई लोगों ने उन्हें देखने का प्रयास किया लेकिन भालू की मौजूदगी से परिवारों की सुरक्षा को लेकर चिंता भी बढ़ गई। क्षेत्रवासियों का कहना है कि जिले में भालू के हमलों में घायल हुए लोगों की संख्या पहले से ही काफी अधिक है। ऐसे में रिहायशी क्षेत्रों में उनकी बढ़ती आवाजाही चिंता का विषय है। बनीखेत और आसपास वनाग्नि की घटनाओं और कम वर्षा के कारण जंगलों में वन्यजीवों के लिए भोजन की उपलब्धता प्रभावित हो रही है। इसका असर अब स्पष्ट रूप से देखने को मिल रहा है क्योंकि जंगली जानवर भोजन और पानी की तलाश में रिहायशी क्षेत्रों की ओर रुख कर रहे हैं।
ग्रामीणों में राजकुमार, महेश, मानव, रवि और निशांत, राहुल, अशोक सहित अन्य लोगों ने बताया कि हाल के दिनों में जंगलों से भालुओं का आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आना बढ़ गया है। उनका कहना है कि जंगलों में आग लगने और भोजन की कमी के कारण वन्यजीव गांवों और घरों के आसपास पहुंच रहे हैं जिससे लोगों में भय का माहौल है। उन्होंने प्रशासन और वन विभाग से क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है। उधर, वन मंडल अधिकारी रजनीश महाजन ने बताया कि विभाग समय-समय पर लोगों को वन्यजीवों के प्रति जागरूक करता रहता है। उन्होंने लोगों से अपील की कि घरों के आसपास बचे हुए खाद्य पदार्थ, फल-सब्जियों के अवशेष और अन्य खाने योग्य सामग्री खुले में न फेंकें। इससे भोजन की तलाश में वन्यजीव आबादी वाले क्षेत्रों की ओर आकर्षित हो सकते हैं।