चंबा। परिवहन निगम के चंबा डिपो में एक चालक दो-दो रूट संभाल रहा है। एक से आते ही चालक दूसरे रूट पर भेजे जा रहे हैं। इसका कारण चालकों की कमी है। इस कारण डिपो में तैनात चालकों पर अतिरिक्त भार पड़ रहा है।
रूटों से लौटकर चालक दस से पंद्रह मिनट आराम करने के बाद दूसरे रूट पर निकल जाते हैं।
गौरतलब है कि चंबा डिपो में अभी लगभग 190 चालक सेवाएं दे रहे हैं। बीस लंबे रूटों और दो सौ तक लोकल रूटों पर चालक सेवाएं दे रहे हैं। चालीस चालकों की कमी है। हालांकि, निगम की ओर से चालकों के पद भरने की मांग की गई है, लेकिन अभी तक तैनाती नहीं हो पाई है। लंबे रूट पर सेवाएं दे रहे चालकों को भी दो-दो रूट संभालने पड़ रहे हैं। कुछ चालकों का यहां से तबादला भी हो चुका है। इसके बाद चालकों की और भी कमी हो गई है। आठ घंटे ड्यूटी के बाद भी चालकों को अतिरिक्त सेवाएं देनी पड़ रही हैं। उधर, एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक शुगल सिंह ने कहा कि चालकों के पद भरने की मांग की गई है। उम्मीद है कि जल्द तैनाती हो जाए।