जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र खेलकूद प्रतियोगिता शुरू, राज्य स्तर के लिए प्रतिभाओं की होगी परख
उपनिदेशक विकास महाजन ने किया शुभारंभ, तीन दिन तक मैदान में दिखेगा खिलाड़ियों का दमखम
संवाद न्यूज एजेंसी
नैनीखड्ड, चुवाड़ी (चंबा)। ककीरा का खेल मैदान शनिवार को जिले की उभरती खेल प्रतिभाओं के नाम रहा। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ककीरा में जिला स्तरीय अंडर-19 छात्र तीन दिवसीय खेलकूद प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
विभिन्न जोन से पहुंचे 405 खिलाड़ी अब तीन दिन तक अपनी प्रतिभा और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विकास महाजन ने दीप प्रज्वलित कर प्रतियोगिता का शुभारंभ किया।
विद्यालय के प्रधानाचार्य एवं आयोजन सचिव अनुपम शर्मा ने प्रतियोगिता की रूपरेखा और विभिन्न गतिविधियों की जानकारी दी। छात्राओं ने रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से उद्घाटन समारोह में खूब रंग जमाया। मुख्य अतिथि विकास महाजन ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाते हुए कहा कि खेल जीवन का अभिन्न हिस्सा हैं। खेलों से शरीर स्वस्थ रहने के साथ अनुशासन, आत्मविश्वास, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और संघर्ष करने की क्षमता विकसित होती है। उन्होंने खिलाड़ियों से पूरी मेहनत, सकारात्मक सोच और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में हिस्सा लेने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि जीत में विनम्रता और हार में धैर्य रखते हुए हर अनुभव से सीखना ही सच्चे खिलाड़ी की पहचान है।
सहायक उच्च शारीरिक शिक्षा अधिकारी योगेश चौणा ने बताया कि प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों का चयन राज्य स्तरीय प्रतियोगिता के लिए किया जाएगा। इस मौके पर डीपीई संघ के जिला प्रधान एवं पर्यवेक्षक योगेश शर्मा सहित अन्य स्टाफ मौजूद रहा।