चंबा। जिला चंबा में अब पेयजल की किल्लत नहीं होगी। सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग जिले की 213 बस्तियों को 46 नई पेयजल स्कीमों के माध्यम से पानी मुहैया करवाएगा। इससे हजारों की आबादी लाभान्वित होगी। वर्ष 2014-15 में जिला चंबा में 46 नई पेयजल स्कीमों का निर्माण किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने मंजूरी दे दी है। इसके अलावा चार करोड़ रुपये के बजट का भी प्रावधान कर दिया है। मार्च माह तक इन स्कीमों का निर्माण कार्य पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इन 213 में से सबसे ज्यादा चंबा मंडल की 96 बस्तियों के लिए पेयजल लाइन बिछाई जाएंगी। इसके अलावा सलूणी मंडल के लिए 67 बस्तियों व डलहौजी मंडल की 50 बस्तियों के लिए पेयजल लाइन का निर्माण किया जाएगा। गौर रहे कि जिले के कुछ क्षेत्रों में पेयजल की समस्या बनी रहती है। इस कारण ग्रामीणों को पानी के लिए यहां से वहां भटकना पड़ता था। अब इन पेयजल योजनाओं के निर्माण के बाद जिलावासियों को पेजयल किल्लत से नहीं जूझना पड़ेगा।
उधर, सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग के अधीक्षण अभियंता राकेश कुमार महाजन ने बताया कि पेयजल स्कीमों के लिए बजट का प्रावधान हो गया है। इसके अलावा पाइप लाइन बिछाने के भी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दे दिए गए हैं। जल्द निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा।
295 बस्तियों को मिलेगा पानी
वर्ष 2015-16 में जिला चंबा की 295 बस्तियों को 18 बड़ी पेयजल स्कीमों के माध्यम से पानी मुहैया करवाया जाएगा। इसके लिए सिंचाई एवं जनस्वास्थ्य विभाग ने प्रस्ताव सरकार को भेजा है। सरकार से मंजूरी मिलते इन स्कीमों के माध्यम से जिले की हजारों की आबादी को पर्याप्त मात्रा में पेयजल मुहैया करवाया जाएगा।