राहत : जिला में ज्वाइन करेंगे सात डॉक्टर
चंबा। जिला में जल्द सात चिकित्सक ज्वाइन करेंगे। इससे चिकित्सकों की कमी से जूझ रहे जिले को थोड़ी राहत मिलेगी। स्वास्थ्य विभाग ने जिला में छह एमबीबीएस चिकित्सक व एक गायनी विशेषज्ञ के आर्डर जारी किए हैं। क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में गायनी विशेषज्ञ की जल्द नियुक्ति होगी। ‘अमर उजाला’ ने जिला में चल रही चिकित्सकों की कमी लेकर 25 जून के अंक में ‘हालत: रेफर किए जा रहे मरीज’ नामक शीर्षक से प्रमुखता से खबर पृष्ठ 3 पर प्रकाशित की थी। खबर छपने के एक दिन बाद ही प्रदेश सरकार ने जिला में सात डॉक्टर तैनात करने की घोषणा कर दी है।
स्वास्थ्य विभाग ने गायनी विशेषज्ञ के चंबा में तैनाती के आर्डर जारी कर दिए हैं। विभाग द्वारा भेजे गए आर्डर के मुताबिक डाक्टरों को दो सप्ताह के भीतर अस्पताल में ज्वाइनिंग देनी होगी। गायनी विशेषज्ञ की तैनाती से जिला वासियों को काफी राहत मिलेगी। क्षेत्रीय अस्पताल में गायनी विशेषज्ञ की गैर मौजूदगी के कारण लोगों को काफी मुश्किलें झेलनी पड़ रही थी। गायनी चिकित्सक के आने से लोगों को काफी सुविधा मिलेगी।
यहां तैनात होंगे डाक्टर
पीएचसी चूड़ी में एक, पांगी घाटी में तीन, पीएचसी मोतला में एक, झज्जाकोठी में एक एमबीबीएस चिकित्सक व क्षेत्रीय अस्पताल चंबा में एक गायनी विशेषज्ञ की तैनाती के आर्डर जारी किए गए हैं।
15 दिन के भीतर ज्वाइन करेंगे
सीएमओ चंबा डॉ. अशोक गुप्ता ने बताया कि सात चिकित्सकों की तैनाती के आर्डर आए हैं। चिकित्सकों को 15 दिनों के भीतर अस्पतालों में ज्वाइन करना होगा।