तीसा (चंबा)। भले ही सरकार ने स्कूली बच्चों के लिए फ्री बस सेवा शुरू की हो, लेकिन शिक्षा खंड तीसा के चार स्कूलों के 120 से ज्यादा छात्र-छात्राएं किराया खर्च कर स्कूल पहुंच रहे हैं। दरअसल इन स्कूलों के बच्चों के आईकार्ड नहीं बने हैं। इसके चलते बच्चों को किराया खर्च कर स्कूल पहुंचना पड़ रहा है। स्कूलों में पहली अप्रैल से कक्षाएं शुरू हो चुकी हैं, लेकिन सीनियर सेकेंडरी स्कूल बैरागढ़, झज्जाकोठी, टिकरीगढ़ व भंजराडू में अभी तक बच्चों के आईकार्ड नहीं बन पाए हैं। आईकार्ड न बनने से इन स्कूलों में दूरदराज गांवों से शिक्षा ग्रहण करने पहुंच रहे 120 से ज्यादा छात्र-छात्राओं को एक तरफ का 15 से 20 रुपये किराया देना पड़ रहा है। इस कारण उन्हें काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। अभिभावक देवी सिंह, चुनी लाल, अयूब सिंह, दिलीप सिंह, चतरो राम, लेहणू राम, कर्म चंद, तेज सिंह व दीप सिंह ने बताया कि सरकार ने बच्चों के लिए फ्री बस सेवा तो शुरू कर दी है, लेकिन शिक्षा विभाग की लेटलतीफी के कारण बच्चों को इस सुविधा का लाभ नहीं मिल पा रहा है। इस कारण उन पर आर्थिक बोझ पड़ रहा है। उन्होंने शिक्षा विभाग से मांग की है कि स्कूली बच्चों के जल्द आईकार्ड बनाए जाएं ताकि उन्हें फ्री बस सुविधा का लाभ मिल सके।
भंजराडू स्कूल के प्रधानाचार्य कुलदीप सिंह राणा ने बताया कि स्कूली बच्चों को आईकार्ड बनाने को कहा गया था, लेकिन उन्होंने कार्ड नहीं बनाएं हैं। उच्च शिक्षा उपनिदेशक विजय सिंह ठाकुर ने बताया कि जिला भर के सभी स्कूलों के मुखियओं को बच्चों के आईकार्ड बनाने के निर्देश जारी कर दिए हैं। इसके बावजूद कार्ड नहीं बने हैं तो संबंधित स्कूलों के मुखियाओं से जवाबतलब किया जाएगा।