डलहौजी (चंबा)। रोगी कल्याण समिति की बैठक एसडीएम डलहौजी डा. मधु चौधरी की अध्यक्षता में हुई। बैठक में वर्ष 2012-13 के बजट पर चर्चा की गई। इस दौरान वर्ष 2012-13 के लिए 22 लाख 4 हजार 880 रुपये का बजट पास किया गया। इस बजट में पांच लाख रुपये दवाइयाें पर खर्च किए जाएंगे। इसके अलावा मरम्मत कार्य पर 11 लाख, उपकरण खरीद पर 65 हजार, सर्दी में हीटर खरीद पर 70 हजार, फर्नीचर खरीद पर 50 हजार रुपये खर्च किए जाएंगे। बैठक में एसडीएम डा. मधु चौधरी के सुझाव से सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि जरूरतमंद निर्धन लोगाें को आपातकाल स्थिति में टांडा मेडिकल कालेज या जिला अस्पताल चंबा रेफर किए जाने पर गाड़ी का खर्चा समिति वहन करेगी। उन्हाेंने कहा कि डलहौजी अस्पताल के लिए जनरेटर सुविधा, अग्निशमन यंत्र, नये एक्वागार्ड लगाए जाने पर भी चर्चा की गई। उन्होंने कहा कि अस्पताल में कैंटीन भी खोली जाएगी। इसके अलावा एक पब्लिक टायलेट भी बनाया जाएगा।
इस मौके पर एसएमओ मान सिंह ने पिछली बैठक में रखे मुद्दों पर भी चर्चा की। उन्हाेंने कहा कि नेत्र रोगियों के लिए बजट में दवाइयों के लिए अलग से धनराशि का प्रावधान किया गया है। बैठक में कार्यकारिणी के सदस्य अमन महेंद्रु, विशाल, लोक निर्माण विभाग के एसडीओ व अन्य उपस्थित रहे।