चंबा। जिला के नए पुलिस अधीक्षक कुलदीप शर्मा ने कहा कि लायन आर्डर के अलावा उनकी प्राथमिकता बुजुर्गों और महिलाओं की समस्याओं का जल्द हल करनी रहेगी। उन्होंने वीरवार को अपना कार्यभार ग्रहण कर लिया है। कार्यभार संभालने के बाद पत्रकारों को संबोधित करते हुए एसपी ने बताया कि मौजूदा समाज में खासकर बुजुर्ग अपनों से ही उपेक्षित होते हैं और महिला उत्पीड़न के मामले भी काफी ज्यादा हैं। लिहाजा इन दोनों वर्गों के अलावा बच्चों से जुड़े मामलों का तुरंत समाधान पुलिस की प्राथमिकता रहेगी। बुजुर्गों के लिए बनाई गई संरक्षण योजना के तहत जिला के हर थाने में विशेष सेल गठित किया जाएगा। चंबा पुलिस खासकर शहरी लोगों को शाम केसमय टहलने के लिए खुशनुमा माहौल तैयार करेगी। शराबी तथा असामाजिक तत्वों पर लगाम कसी जाएगी। शाम के समय शहर में पुलिस की खास व्यवस्था होगी। उन्होंने कहा कि चंबावासी पुलिस से खौफ खाने के बजाय उसे अपना मित्र समझें। नागरिकों से दुर्व्यवहार करने वाले पुलिस कर्मी को नहीं बख्शा जाएगा। जिलावासी अपनी समस्याओं को लेकर कभी भी उनसे मिल सकते हैं। उनका प्रयास रहेगा कि किसी भी घटना पर पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे और लोगों को राहत दे। उन्होंने इस संबंध में दिशानिर्देश देने के लिए 8 मई को जिला के सभी पुलिस अधिकारियों व एनजीओज की बैठक भी बुलाई है। उन्होंने कहा कि जिले के कुछ इलाकों में ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने की जरूरत है। इसे सख्ती के बजाय लोगाें और जनप्रतिनिधियों के साथ मिलकर ठीक किया जाएगा। नए पार्किं ग स्थल चिह्नित किए जाएंगे। प्रवासी और घुमंतू लोगों की पहचान के लिए थानों में बनाई गई बीटों को सख्त हिदायत दी जाएगी। एसपी ने कहा कि मोबाइल पर बातें करते और नशे में गाड़ी चलाने वालों पर पुलिस सख्त कार्रवाई करेगी।
तीन दिन खाकी पहनने के निर्देश
एसपी कुलदीप शर्मा ने पुलिस कर्मियों को सोमवार, मंगलवार और बुधवार को खाकी वर्दी ही पहनने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस कर्मियों के कहने पर ही नीली वर्दी को बदला गया है। लिहाजा कर्मी खाकी पहनना शुरू कर दें।
हमीरपुर और बिलासपुर भी रहे हैं शर्मा
एसपी कुलदीप शर्मा चंबा से पहले हमीरपुर और बिलासपुर के एसपी रह चुके हैं। अपने कार्यकाल के दौरान मुख्यमंत्री की सुरक्षा में भी रह चुके हैं। वे रामपुर, पांवटा और नाहन में एसडीपीओ भी रहे हैं।