उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक
दिव्यांगजन कल्याण योजनाओं के व्यापक प्रचार-प्रसार के निर्देश
संवाद न्यूज एजेंसी
चंबा। जिला मुख्यालय चंबा में उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में हुई बैठक में अनुसूचित जाति एवं जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, नागरिक अधिकार संरक्षण अधिनियम, दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 तथा प्रधानमंत्री के नए 15 सूत्रीय कार्यक्रम के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई।
बैठक में उपायुक्त ने विभिन्न विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि दिव्यांगजनों के कल्याण के लिए संचालित सरकारी योजनाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र लोगों तक पहुंचाने के लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाए जाएं। उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधिकारी को प्रत्येक चिकित्सा खंड स्तर पर दिव्यांगता प्रमाण पत्र बनाने के लिए विशेष शिविर आयोजित करने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने जिला कल्याण अधिकारी को महाविद्यालयों और अन्य उच्च शिक्षण संस्थानों में दिव्यांग विद्यार्थियों के लिए संचालित छात्रवृत्ति योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करने को कहा। बैठक में जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने बताया कि वित्त वर्ष 2025-26 के दौरान जिला चंबा के 94 विद्यार्थियों को कुल 9 लाख 99 हजार 875 रुपये की दिव्यांग छात्रवृत्ति वितरित की गई है।
इसके अलावा बैठक में अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 तथा प्रधानमंत्री के 15 सूत्रीय कार्यक्रम के तहत विभिन्न योजनाओं और उपलब्धियों की समीक्षा की गई। एससी/एसटी एक्ट से संबंधित लंबित मामलों में राहत राशि के भुगतान तथा जांच के दौरान विलोपित धाराओं वाले मामलों में सहायता राशि की देयता पर भी चर्चा कर आवश्यक निर्णय लिए गए।
जिला कल्याण अधिकारी ने बताया कि अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम, 1989 तथा नियम 1995 (संशोधित) के तहत पीड़ितों एवं मृतकों के आश्रितों को अब तक 8.25 लाख रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा चुकी है।