अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर(चंबा)। पटवार क्षेत्र बड़ग्रां का पटवारी 14 फरवरी से अनुपस्थित है। इस मामले की शिकायत तहसीलदार भरमौर ने एडीएम भरमौर से कर दी है। एडीएम ने भी मामले की जांच के आदेश जारी कर दिए है। इसके साथ ही कहा है कि अगर पटवारी जवाब संतुष्टि भरा नहीं दे पाता है तो उसके खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पटवारी को सस्पेंड भी किया जा सकता है।
जानकारी के अनुसार उक्त पटवारी 14 फरवरी से पटवार खाने से नदारद है। इसकी सूचना 16 फरवरी को स्थानीय पंचायत प्रधान ने दी। तहसीलदार ने सूचना मिलने के बाद पटवारी को फोन भी किया। मगर उसका मोबाइल स्विच ऑफ होने के कारण बात नहीं हो पाई। ऐसे में तहसीलदार भरमौर ने इस बारे में एडीएम भरमौर से पत्राचार किया है। बताया जा रहा है कि उक्त पटवारी बिना बताए घर चला गया है। गौरतलब है कि क्षेत्र में भारी हिमपात हुआ है। इसके चलते यहां काफी नुकसान हुआ है। ऐसे में लोग मौका करवाने के लिए पटवारी से संपर्क कर रहे है। मगर पटवारी क्षेत्र में न होने के कारण लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
प्रधानमंत्री किसान निधि योजना की प्रगति रिपोर्ट शून्य
जिला में एक तरफ सभी पटवार सर्कलों में प्रधानमंत्री किसान निधि योजना के तहत आवेदन लिए जा रहे है तो वहीं दूसरी तरफ बड़ग्रां पटवार सर्कल में पटवारी के नदारद होने से लोग आवेदन नहीं कर पा रहे है। इसके चलते ग्रामीणों में काफी रोष है।
इनसेट
एडीएम भरमौर पीपी सिंह ने बताया कि इस मामले की जानकारी मिली है। कहा कि मामले की जांच की जाएगी। कहा कि संतुष्टि भरा जवाब न मिल पाने पर पटवारी के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।