चंबा। सोकड़ गांव में पानी की समस्या को लेकर ग्रामीणों का प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को आईपीएच विभाग सलूणी के अधिशाषी अभियंता से मिला। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने गांव में चल रही पानी की समस्या को हल करने का आग्रह किया। ग्रामीण राजेंद्र सिंह, सुरेंद्र कुमार, सुरजीत चौहान, तजेंद्र चौहान, विजय कुमार, मनोज कुमार और कलाशो देवी ने बताया कि गांव में पानी की किल्लत चल रही है। उन्होंने बताया कि पिछले करीब बीस दिनों से गांव में पानी की आपूर्ति ठप है।
हालांकि इस बारे में वह कई बार विभाग से आग्रह कर चुके हैं। मगर अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया गया है। ग्रामीणों ने बताया कि उन्हें पानी के लिए काफी दूरी तय करनी पड़ रही है। इसके साथ ही पशुओं के लिए भी पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। इसके चलते ग्रामीणों के दिन का आधा समय पानी ढोने में ही चला जाता है। ग्रामीणों ने आईपीएच विभाग से मांग की है कि जल्द पानी की समस्या का समाधान किया जाए। ताकि उन्हें किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।