डलहौजी (चंबा)। देवीदेहरा में सोमवार शाम को तेज अंधड़ चलने से पेड़ धराशायी हो गया। पेड़ की चपेट में आने से दो कारें बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गई हैं। गनीमत यह रही कि कारों में कोई भी व्यक्ति बैठा नहीं था। अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता था। वहीं मार्ग से गुजर रहे गुजर रहे लोग भी इस हादसक में बाल-बाल बच गए।
जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर बाद आसमान में बादल छा गए और देखते ही देखते हवाएं चलने लगी। इसी दौरान देवीदेहरा में एक पेड़ गिरकर सड़क किनारे खड़ी दो कारों पर गिर गया। इससे दोनों कारें बुरी तरह से चकनाचूर हो गई। गनीमत रही कि पेड़ गिरने के दौरान न ही वाहन में कोई बैठा था और न ही आसपास से गुजर रहे लोग इसकी चपेट में आए, नहीं तो जानमाल का नुकसान हो सकता था। वाहन मालिकों ने प्रशासन से गुहार लगाई है कि पेड़ गिरने से हुए नुकसान के बदले उन्हें राहत राशि प्रदान की जाए।
जाडणा में अंधड़ से टूटे बिजली तार, बिजली गुल
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। ग्राम पंचायत भराड़ा के जाडणा गांव में बिजली बोर्ड की लापरवाही सामने आई है। सोमवार शाम को तेज अंधड़ चलने से गांव की बिजली लाइन टूटकर खेतों और रास्ते में गिर गई। गनीमत रही कि बिजली की लाइन की चपेट में कोई गांववासी और मवेशी नहीं आया। अन्यथा जानमाल का नुकसान हो सकता था। बिजली लाइन टूटने से गांव में 12 घंटों से बिजली गुल है। बिजली बोर्ड ने बिजली लाइन को लोहे के खंभों में टांगने की बजाए लकड़ी के डंडो में टांगा था। इस कारण तेज हवा चलने से लकड़ी के डंडे टूट कर नीचे गिर गए।
इससे बिजली लाइन भी जमीन पर गिर गई। इस दौरान खेतों में बिजली लाइन का करंट दौड़ता रहा। इससे लोग खेतों जाने से भी कतराते रहे। किशोरी लाल, मोती सिंह, बाघा राम, रोशन लाल, अजय कुमार, मान सिंह, रूप चंद और हेमराज ने बताया कि जाडणा गांव में बिजली बोर्ड ने बिजली की तारें व्यवस्थित तरीके से नहीं लगाई हैं। तारों को लकड़ी के डंडों पर टांग कर बोर्ड ने जिम्मेवारी पूरी की है। इसकी वजह से आए दिन बिजली की समस्या रहती है। विद्युत बोर्ड के अधिशासी अभियंता योगेश कुमार ने बताया कि सूचना मिलने के बाद विद्युत कर्मचारियों को मौके पर रवाना कर दिया गया है।