किहार (चंबा)। राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला किहार में दसवीं कक्षा उत्तीर्ण कर जमा एक कक्षा में प्रवेश लेने वाले विद्यार्थियों को प्रवेश नहीं मिल रहा है। इस वजह से छात्र-छात्राओं के सामने भविष्य को लेकर चिंता की लकीरें खिंच गई हैं।
सोमवार को क्षेत्र के करीब चालीस बच्चे स्कूल में प्रवेश लेने पहुंचे थे। मगर स्कूल प्रशासन ने प्रवेश प्रक्रिया बंद होने की बात कहकर बच्चों को वापिस भेज दिया। वहीं उच्च शिक्षा विभाग चंबा से संपर्क किया गया तो वहां भी प्रवेश अवधि खत्म होने की बात कही गई। छात्र-छात्राओं ने बताया कि अभी हाल ही में दसवीं कक्षा का परीक्षा परिणाम निकला है। ऐसे में प्रवेश प्रक्रिया तीस अप्रैल तक थी।
मगर परिणाम मई माह में निकलने के चलते बच्चों ने प्रवेश नहीं लिया। ऐसे में रिजल्ट घोषित हो गया। मगर प्रवेश प्रक्रिया बंद हो गई है। इसके चलते स्कूली छात्र-छात्राओं को भविष्य दांव पर लग गया है।
छात्र-छात्राओं में रमेश कुमार, पवन कुमार, सुरेश कुमार, प्रतिमा देवी, सुमन देवी, भारती देवी, अनूप कुमार, विशाल कुमार, पंकज कुमार, सपना देवी, संतोष देवी, अरुण कुमार, हनी सिंह, राकेश कुमार, विपिन कुमार, हीना देवी, पूजा देवी, रीना देवी, निशा देवी, ममता कुमारी और राजकुमार ने बताया कि प्रवेश की तिथि होने के चलते उन्हें स्कूल में प्रवेश नहीं मिला है। इसके चलते काफी परेशानियां पेश आ रही है। उन्होंने प्रदेश सरकार से मांग की है कि जल्द दोबारा प्रवेश के लिए समय दिया जाए। ताकि छात्र-छात्राओं को किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।
करीब आधा दर्जन स्कूलों से लौट चुके हैं विद्यार्थी
जानकारी के अनुसार जिले के विभिन्न क्षेत्रों से दसवीं परीक्षा उत्तीर्ण करने के बाद करीब डेढ़ सौ छात्र-छात्राएं प्रवेश से वंचित हैं। इस संदर्भ में उच्च शिक्षा विभाग चंबा में भी सूचनाएं मिली है। वर्तमान में उच्च शिक्षा उपनिदेशक चंबा का पद भी खाली चल रहा है। उच्च शिक्षा विभाग चंबा के अधीक्षक ग्रेड-1 अरविंद शर्मा ने बताया कि इस बारे जानकारी मिली है। उन्होंने कहा कि प्रवेश प्रक्रिया तीस अप्रैल तक थी। मगर अब प्रवेश प्रक्रिया बंद कर दी गई है। निदेशालय की ओर से ही प्रवेश तिथि बढ़ाई जा सकती है।