भलेई माता मंदिर में ढाई हजार श्रद्धालुओं ने नवाया शीश
मंदिर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए हर रोज लगाया जा रहा भंडारा
सीसीटीवी से हर गतिविधि पर रखी जा रही नजर
अमर उजाला ब्यूरो
सुंडला (चंबा)। भलेई मंदिर में नवरात्र के दौरान माथा टेकने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ जुट रही है। सोमवार को दूसरे नवरात्र पर मंदिर में ढाई हजार श्रद्धालुओं ने भलेई माता मंदिर में दर्शन किए। इस दौरान मंदिर के प्रवेश द्वार से लेकर मुख्य गेट तक लंबी लाइनें लगी रहीं। श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कमेटी और प्रशासन की ओर से विशेष प्रबंध किए गए हैं। मंदिर में श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर सीसीटीवी के अलावा पुलिस जवानों की तैनाती की गई है। ताकि मंदिर में होने वाली हर गतिविधि पर नजर रखी जा सके।
नवरात्र में भलेई मंदिर में जिले के दूरदराज के क्षेत्रों के लोग मन्नत पूरी करने के लिए आ रहे हैं। श्रद्धालुओं मंदिर में रोजाना रात को जागरण कर रहे हैं। इसके अलावा दिन के समय मुंडन और जात्रों का दौर भी चल रहा है। मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए मंदिर कमेटी और स्थानीय लोगों ने भंडारे का आयोजन भी किया है। मंदिर प्रशासन को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ और बढ़ेगी। भलेई मंदिर के अलावा शीतला माता मंदिर, बन्नी माता, रखालू माता, कन्हैंदी माता, काली माता, चामुंडा और देवी कोठी सहित अन्य मंदिरों में नवरात्र की धूम है। यहां पर भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु मां के दर्शनों के लिए पहुंच रहे हैं। मनीष कुमार, चेत राम, राकेश, सुनील कुमार, अरविंद, योगेेश, कमल कुमार, निशा, आशा, विमला, नीलम और सविता कुमारी ने बताया कि भलेई माता मंदिर में नवरात्र के दौरान लोग अपनी मन्नत पूरा करने के लिए पहुंचते हैं। मन्नत पूरी होने के बाद वह मान्यता अनुसार मंदिर में पूजा-अर्चना करते हैं।