अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
रावी नदी पर गिरे परेल पुल के पुनर्निर्माण को राज्य सरकार ने स्वीकृति दे दी है। इस संदर्भ में अधिसूचना जारी कर दी गई है। इसमें कहा गया है कि पुल का निर्माण ठेकेदार अपने ही खर्चे पर करेगा। सरकार इसमें कोई सहायता नहीं करेगी।
परेल पुल के पुनर्निर्माण से कार्य पूरा होने तक लोक निर्माण विभाग के अधिकारी क्वालिटी पर नजर रखेंगे। अधिसूचना के मुताबिक परेल पुल के पुनर्निर्माण को लेकर विभाग ठेकेदार के साथ सप्लीमेंट्री एग्रीमेंट करेगा। इसके मुताबिक विभाग किसी भी तरह की पेमेंट नहीं की जाएगी। पुल निर्माण के दौरान क्वालिटी की जांच समय-समय पर लोक निर्माण विभाग करेगा। गौरतलब है कि 19 अक्तूबर 2017 को दीवाली की सुबह चंबा-पठानकोट मार्ग पर परेल के पास रावी पर बना पुल गिर गया था। पुल गिरने से आधा दर्जन लोग घायल हुए थे। प्रशासन ने प्रारंभिक दृष्टि के चलते ठेकेदार के खिलाफ मामला दर्ज कर किया था। पुल गिरने के मामले के पीछे रहे कारणों को लेकर एनआईटी जांच कर रही है। पुल गिरे करीब पांच माह का समय बीत चुका है। विभाग ने स्वीकृति के लिए फाइल भेजी थी। अब सरकार ने स्वीकृति दे दी है। ऐसे में परेल पुल का पुन: निर्माण जल्द शुरू होने की उम्मीद जग गई है।
ठेकेदार ने कार्रवाई न करने का किया आग्रह
सूत्रों ने खुलासा किया है कि ठेकेदार ने पुल का निर्माण अपने खर्चे पर करनेे की हामी भरी है। साथ ही सरकार और विभाग से आग्रह भी किया है कि उसके साथ किसी प्रकार की कोई कार्रवाई न की जाए। मुख्य अभियंता के साथ जनवरी में हुई बैठक में यह बात ठेकेदार ने कही थी। ऐसे में सरकार की स्वीकृति मिल गई है। सरकार की पुल गिरने के मामले में क्या कार्रवाई करती है, यह भी अहम रहेगा।
तीन उपमंडल के लोगों को हो रही परेशानी
परेल पुल के गिरे होने से जिला में तीन उपमंडलों के लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। लोगों को आवाजाही के लिए अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। पहले पठानकोट से आने वाले लोग परेल बाईपास होकर तीसा की रवाना हो जाते थे। लेकिन परेल पुल गिरने के बाद लोगों को तीसा के लिए अतिरिक्त सफर तय करना पड़ रहा है। वाया हरदासपुरा होकर लोग तीसा के लिए आवाजाही कर रहे है।
लोक निर्माण विभाग जोन कांगड़ा के मुख्य अभियंता एसके गंजू ने कहा कि परेल पुल निर्माण को लेकर सरकार ने स्वीकृति दे दी है। पुल निर्माण करने से पहले सप्लीमेंट्री एग्रीमेंट विभाग और ठेकेदार के बीच होगा। उन्होंने कहा कि पुल के निर्माण के दौरान विभाग क्वालिटी और अन्य मसलों पर नजर रखेगा।