तीसा (चंबा)।
चुराह उपमंडल की लेसुंई पंचायत में बिजली गुल है। इसके चलते लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि पंचायत में बीस दिन पहले ट्रांसफार्मर जल गया था। इसके चलते पंचायत में विद्युत आपूर्ति ठप है। ग्रामीणों ने बताया कि वे इस बारे कई बार विद्युत बोर्ड तीसा से आग्रह कर चुके हैं। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं किया है। विद्युत बोर्ड नए ट्रांसफार्मर की डिमांड करने की बात कर पल्लू झाड़ रहा है। इस बात को लेकर ग्रामीणों में रोष है।
पंचायत में करीब ढाई सौ परिवार रह रहे हैं। लेकिन बिजली गुल होने के चलते उन्हें काफी परेशानियां झेलनी पड़ रही हैं। स्थानीय लोगों में चैन लाल, सुरेंद्र सिंह, रेखा देवी, अमित कुमार, अमरो राम, अमृता देवी, राज कुमार, मदन लाल, पुष्पा देवी, कल्याण सिंह, देवेंद्र कुमार, भीम सैन, बिमला देवी, दिनेश कुमार, शिमलो देवी ने बताया कि बिजली गुल होने के चलते स्कूली नौनिहाल पढ़ाई नहीं कर पा रहे हैं। वहीं दूसरी ओर गृहणियों को भी खाना बनाने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। विद्युत बोर्ड को कई बार शिकायत करने के बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। इस वजह से ग्रामीण परेशान हैं। ग्रामीणों ने विद्युत बोर्ड तीसा से मांग की है कि जल्द से जल्द ट्रांसफार्मरों दुरुस्त कर बिजली आपूर्ति बहाल की जाए ताकि उन्हें किसी प्रकार की परेशानी ना हो।
ट्रांसफार्मर पहुंचने पर करवा दिया जाएगा स्थापित: रोशन लाल
इस बारे में विद्युत बोर्ड के सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि नए ट्रांसफार्मर की डिमांड उच्चाधिकारियों से की है। जैसे ही ट्रांसफार्मर पहुंचेगा उसे स्थापित कर विद्युत आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।