अमर उजाला ब्यूरो
चंबा।
पेंशनर वेलफेयर एसोसिएशन इकाई चंबा की बैठक शुक्रवार को डे केयर सेंटर में हुई। बैठक की अध्यक्षता जिलाध्यक्ष पीसी ओबराय ने की। बैठक में पिछले तीन माह के प्रस्तावों के बारे में गहन मंथन किया गया।
साथ ही समीक्षा भी की गई। बैठक के दौरान एसोसिएशन ने खेद प्रकट करते हुुए कहा कि तीन महीनों में प्रस्तावों को क्रियान्वित नहीं किया गया। सभी सदस्यों ने एकमत निर्णय लिया कि इन कार्यों को लेकर संबंधित विभागों से पत्राचार किया जाएगा।
साथ ही प्रशासन को भी अवगत करवाया जाएगा। एसोसिएशन ने जिला प्रशासन से आग्रह किया है कि नए और पुराने बस स्टैंड में शटल बसों की संख्या बढ़ाई जाए, करियां के लिए एक मुद्रिका बस चलाई जाए, निजी बस ऑपरेटरों को नए बस स्टैंड से पुराने बस स्टैंड और करियां तक बस चलाने की अनुमति प्रदान की जाए।
इसके अलावा एसोसिएशन के पदाधिकारियों और सदस्यों ने नए व पुराने बस स्टैंड में समयसारणी तथा यात्रियों के बैठने के लिए बैंचों का प्रावधान करने की भी गुहार लगाई है। एसोसिएशन ने बताया कि लोकल रूटों पर निजी व एचआरटीसी बसों का किराया निर्धारित होना चाहिए ताकि यात्रियों को किसी प्रकार की दिक्कत न पेश आए।
बैठक में शहर व बस स्टैंड की सफाई व्यवस्था दुरुस्त रखने का भी आग्रह नगर परिषद से किया गया। बैठक के दौरान एसोसिएशन ने पुराने बस स्टैंड में दो मंजिला पार्किंग का सुझाव दिया।
000