तीसा(चंबा)। प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र झज्जाकोठी में ताला लटका हुआ है। इसके चलते इलाके की करीब आधा दर्जन पंचायतों को उपचार के लिए काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने बताया कि उक्त स्वास्थ्य केंद्र पर ताला पिछले चार माह से लटका हुआ है। इस स्वास्थ्य केंद्र में न तो फार्मासिस्ट है और न ही चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी की तैनाती की हुई है। ऐसे में स्वास्थ्य केंद्र बंद पड़ा हुआ है। पंचायतों के प्रतिनिधियों व ग्रामीणों ने बताया कि अगर स्वास्थ्य विभाग एक सप्ताह के भीतर उक्त स्वास्थ्य केंद्र में स्टाफ की तैनाती नहीं करता है तो वे झज्जाकोठी मार्ग का चक्का जाम करेंगे। साथ ही इस बारे उपायुक्त सुदेश मोख्टा से भी मिलेंगे।
उपमंडल के तहत आती ग्राम पंचायत देहग्रां, सलेललाबाड़ी, झज्जाकोठी, थनेईकोठी, सनवाल, बणंतर, आयल के हजारों के ग्रामीणों के लिए इस स्वास्थ्य केंद्र को खोला गया था। लेकिन स्टाफ की कमी से जूझ रहे इस केंद्र में अब ताला लटक गया है। झज्जाकोटी पंचायत प्रधान लती देवी ठाकुर, देहग्रां पंचायत प्रधान याकूब मोहम्मद, सनवाल पंचायत प्रधान धनी देवी, थनेईकोठी पंचायत प्रधान निर्मल देवी, बणंतर पंचायत प्रधान ओम प्रकाश व आयल पंचायत प्रधान गुलशन बेगम सहित ग्रामीणों में सुरेंद्र कुमार, अमित कुमार उपमा देवी, रेखा देवी, सुरेखा देवी, प्रवीण कुमार, चमन लाल, देस राज, रिंकू राम, अनिल सिंह ने बताया कि उक्त स्वास्थ्य केंद्र पर ताला लटका होने के चलते इलाज के लिए यहां से तीस किलोमीटर दूर तीसा या फिर सौ किलोमीटर का सफर तय कर चंबा मेडिकल कॉलेज चंबा जाना पड़ रहा है।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी चंबा डॉ. वाईडी शर्मा का कहना है कि इस बारे छानबीन की जाएगी और जल्द केंद्र खुलवाने के प्रयास किए जाएंगे।