खज्जियार (चंबा)। कोहलड़ी-धामग्रां-खज्जियार सड़क की डीपीआर बनकर तैयार हो चुकी है। सरकार ने सड़क बनाने को लेकर स्वीकृति दे दी है। इस सड़क के बनने से कोहलड़ी व खज्जियार के बीस गांवों में रहने वाली पांच हजार आबादी को लाभ मिलेगा। सड़क की कुल लंबाई चार किमी है। पर्यटक वाया कोहलड़ी होकर भी खज्जियार पहुंच पाएंगे।
सड़क को लेकर ग्रामीण काफी समय से मांग कर रहे थे। इसको लेकर कई बार ग्राम सभा से प्रस्ताव पारित करके विभाग व सरकार को भेजे। इसके परिणाम स्वरूप ही सड़क की स्वीकृति मिल पाई है। चंबा से खज्जियार जाने वाले पर्यटकों को वाया मंगला होकर नहीं जाना पड़ेगा। इससे पर्यटक कम समय में खज्जियार पहुंच पाएंगे। यह मार्ग सर्दियों में भी खुला रहेगा।
ग्रामीणों में अशोक कुमार, मनोज कुमार, प्यार सिंह, टेक चंद, देवी प्रसाद, करतार सिंह, मनीष कुुमार, योगराज व नरैण सिंह ने बताया कि कोहलड़ी-धामग्रां-खज्जियार सड़क की स्वीकृति मिलने से लोगों में काफी खुशी है। सड़क का कार्य जल्द शुरू होता है तो लोगों को बस सेवा का भी लाभ मिल पाएगा। उन्होंने लोनिवि से गुहार लगाई है कि उपरोक्त सड़क का कार्य जल्द शुरू किया जाए।
लोनिवि कनिष्ठ अभियंता नितिन महाजन ने बताया कि सड़क को लेेकर स्वीकृति मिल चुकी है। स्थानीय लोगों द्वारा अपनी निजी भूमि विभाग के नाम करने पर ही सड़क का कार्य शुरू हो पाएगा।