भरमौर (चंबा)। भरमौर विधानसभा क्षेत्र की कुगति पंचायत स्थित भगवान कार्तिक स्वामी के मंदिर के कपाट 134 दिनों के बाद रविवार को खुलेंगे। कपाट खुलने के बाद मंदिर में विशेष पूजा-अर्चना होगी। कार्तिक स्वामी के दर्शन करने के लिए श्रद्धालुओं की भीड़ रहेगी। मंदिर के पुजारी मचलू राम ने बताया कि 30 नवंबर को मंदिर के कपाट श्रद्धालुओं के लिए बंद किए गए थे। सर्दियों में मंदिर के आस-पास भारी हिमपात होता है। ऐसे में वहां पहुंचना काफी मुश्किल होता है।
इसके चलते मंदिर के कपाट सर्दियों में बंद कर दिए जाते हैं। जिससे बर्फबारी में श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की परेशानी न उठानी पड़ी। कपाट खोलने के बाद कार्तिक स्वामी की मूर्ति को नहलाकर नए वस्त्र पहनाए जाएंगे। इस दौरान मंदिर में जातर मेला आयोजित होगा। कार्तिक स्वामी का मंदिर प्रदेश सहित देेश में विख्यात है। इसके चलते इस मंदिर में यहां श्रद्धालु दूर दराज के क्षेत्रों से
पहुंचते हैं।
श्रद्धालुओं में मान्यता है कि कार्तिक स्वामी के मंदिर में मांगी गई हरेक मनोकामना पूरी होती है। इसके चलते मंदिर में मनोकामना मांगने वाले श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रहती है। कपाट बंद करते समय में मंदिर में पानी से भरकर एक गड़वी भी रखी गई थी। जिसे कपाट खोलने के बाद देखा जाएगा। इस गड़वी में भरे पानी से तय होगा कि क्षेत्र में सूखा रहेगा या हरियाली आएगी। ऐसी मान्यता है कि गड़वी का पानी कम होने पर क्षेत्र में सूखा पड़ सकता है। जबकि गड़वी का पानी भरा होने पर क्षेत्र के लिए शुभ संकेत होता है।