चंबा। चैत्र मास के छठे नवरात्र में वीरवार को भलेई माता मंदिर में चार हजार श्रद्धालुओं ने शीश नवाया। छठे नवरात्र को मंदिर में माता के दर्शन करने वाले श्रद्धालुओं की सुबह से लेकर शाम तक भीड़ लगी रही। जिला के विभिन्न क्षेत्रों के परिवार बैंड बाजों के साथ जातरें लेकर मंदिर पहुंचे। भक्तों ने मंदिर परिसर में लगी लंबी कतारों में खड़े होने के बाद माता रानी के दर्शन किए। इस दौरान भक्तों ने भलेेई माता के जयकारे भी लगाए।
भलेई माता मंदिर जिला नहीं अपितु प्रदेश भर में प्रसिद्ध है। इसके चलते लोग नवरात्रों में माता के दर्शन करने के लिए प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों से यहां पहुंचते हैं। भलेई माता मंदिर के दरबार में सच्चे मन से मांगी गई दुआ पूरी होती है। इसलिए माता के दरबार में अरदास लगाने वालों की भीड़ लगी रहती हैं। मंदिर प्रबंधन समिति की ओर से श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए भंडारे की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर मंदिर परिसर में पुलिस बल भी तैनात है। जिससे किसी प्रकार की कोई भगदड़ और घटना घटित न हो। भलेई मंदिर प्रबंधक समिति अध्यक्ष कमल ठाकुर ने बताया कि समिति ने भक्तों के लिए पेयजल और रात्रि ठहराव की व्यवस्था की है।