चंबा। उपायुक्त चंबा हरिकेश मीणा ने जिला चंबा के सभी राजस्व अधिकारियों को राजस्व से संबंधित सभी मामलों को समयबद्ध निपटाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से सोमवार को राजस्व अधिकारियों की बैठक में यह निर्देश दिए। हरिकेश मीणा ने कहा कि यह प्रयास होना चाहिए कि आम आदमी को राजस्व से संबंधित विभिन्न कार्यों के लिए बार-बार कार्यालय में न आना पड़े, अधिकारियों को आम जनता के कार्य दक्षतापूर्वक और समयबद्ध पूर्ण करने के लिए पारदर्शिता और कर्तव्य निष्ठा के साथ काम करना चाहिए।
उपायुक्त ने कहा कि राजस्व की कार्यप्रणाली में गिरदावरी महत्वपूर्ण होती है। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को गिरदावरी के लिए कार्य योजना बनाने और 25 मार्च से 25 अप्रैल 2019 तक इस संबंध में मिशन मोड पर कार्य करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कोई भी इंतकाल 3 माह से अधिक समय के लिए लंबित नहीं होना चाहिए, लोगों को इंतकाल से संबंधित किसी भी प्रक्रिया में कोई भी परेशानी नहीं आनी चाहिए।
हरिकेश मीणा ने उपमंडल अधिकारी कार्यालय से लेकर पटवार कार्यालय तक सभी कर्मचारियों में बेहतर समन्वय और संवाद स्थापित करने की आवश्यकता पर भी बल दिया। विभिन्न कार्यों के दौरान सही रिपोर्टिंग भी सुनिश्चित की जानी चाहिए। उपायुक्त ने अधिकारियों को विभिन्न कार्यालयों का समय-समय पर निरीक्षण करने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के लिए सूची तैयार की जाए और उस आधार पर कार्य पूर्ण किए जाएं। ऑडिट पैरा के आधार पर रिकवरी से संबंधित मामलों के लिए पर्याप्त कदम उठाने के निर्देश भी दिए।