सलूणी (चंबा)। ग्राम पंचायत सलूणी के चार गांव में पांच दिनों से पेयजल आपूर्ति नही हो पा रही है। इस वजह से क्षेत्र के लोगों को भारी परेशानियों से दो चार होना पड़ रहा है। हालत यह है लोगों को डेढ़ किमी दूर देवगाह गांव से पानी ढोकर लाना पड़ रहा है। हालांकि गांव वासी बंद पड़ी पेयजल सप्लाई के बारे में कई बार विभाग को अवगत करवा चुके हैं। मगर अभी तक गांव की पेयजल सप्लाई बहाल नहीं हो पाई है। इसको लेकर ग्रामीणों में भारी रोष है।
पंचायत के गांव बनाड़, कैमली-एक, अटालू और दरोल में पांच दिनों से पेयजल सप्लाई बंद है। ग्रामीण किशु राम, सुभाष कुमार, कुलदीप, सुरेंद्र, दीपराज, देसराज, निधिया राम और सुरेश कुमार ने बताया कि उपरोक्त गांव को पेयजल सप्लाई देने के लिए बिछाई गई पाइपें पुरानी हो चुकी हैं।
कई स्थानों पर पाईपें सड़ चुकी हैं। इसकी वजह से पाइपलाइन लीक हो रही हैं। पानी गांव पहुंचने से पहले ही बीच रास्ते में बह जाता है। उन्होंने जिला प्रशासन और आईपीएच विभाग से मांग की कि पुरानी और सड़ चुकी पाइपों के स्थान पर नई पाइप डाली जाए। ताकि ग्रामीणों को पेयजल समस्या से निजात मिल सके।
सड़ चुकी पाइपों के स्थान पर डाली जाएंगी नई पाइप: हेमंत पुरी
अधिशाषी अभियंता हेमंत पुरी ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला अभी लाया गया। संबंधित जेई को मौका करने के लिए कहा जाएगा। इसके साथ ही पुरानी और सड़ चुकी पाइपों के स्थान पर नई पाइप डाली जाएंगी।