अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। ग्राम पंचायत मंगली के अंदवास गांव में पहाड़ी से चट्टान गिरने से एक घर बुरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। भूस्खलन के चलते गांव को पहले ही खाली करवा दिया गया है। गांव में रहने वाले 25 परिवार टेंटों में दूर जाकर रह रहे हैं। प्रशासन ने उनके रहने के लिए टेंट की व्यवस्था कर रखी है। सात दिनों का समय बीत चुका है, लेकिन गांव में पास पहाड़ी से हो रहा भूस्खलन अभी नहीं थमा है। लोग दहशत में हैं और अभी घर भी नहीं जा पा रहे हैं। सोमवार को पहाड़ी से बड़ी-बड़ी चट्टानें गांव में गिरी। इससे आलम राम पुत्र देवी दास का घर चट्टानों की चपेट में आ गया। घर की छत क्षतिग्रस्त होकर नीचे गिर गई। इससे कमरे में रखा सामान भी दब गया। इसके अलावा गांव के अन्य घरों में दरारें पड़ी हैं। गांव में पचास घर हैं जोकि भूस्खलन की चपेट में आ सकते हैं। इन घरों में रहने वाले परिवार घरों को छोड़ कर टेंट में रहने को मजबूर हैं। प्रभावित परिवार प्रशासन से आर्थिक सहायता देने की मांग कर रहे हैं। साथ ही अपने लिए दूसरे स्थान पर आशियाना बनाने की गुहार लगा रहे हैं।
....
प्रभावित को दी गई पांच हजार की फौरी राहत : हितेश आजाद
एसडीएम हितेश आजाद ने बताया कि अंदवास गांव में भूस्खलन से हुए नुकसान का जायजा लेने के लिए पटवारी को भेजा गया है। प्रभावित परिवार को पांच हजार रुपये की फौरी राहत राशि प्रदान की गई है। नुकसान की रिपोर्ट तैयार होने पर अन्य मुआवजा राशि भी जारी की जाएगी।