मैड़ा में सियुल नदी पर डेढ़ करोड़ से बनेगा पुल
चार पंचायतों की हजारों की आबादी को अब जान जोखिम में डाल नहीं करनी पड़ेगी आवाजाही
लोनिवि ने ठेकेदार को तीन महीने में पुल बनाने के दिए निर्देश
अमर उजाला ब्यूरो
सलूणी (चंबा)। चार पंचायतों के हजारों लोगों को अब जान जोखिम में डाल कर सियुल नदी को पार नहीं करना पड़ेगा। सूरी पंचायत के मैड़ा में सियुल नदी के ऊपर एक करोड़ साठ लाख की लागत से पुल का निर्माण किया जाएगा। इसको लेकर लोनिवि के पास बजट भी पहुंच चुका है। पुल के निर्माण कार्य के लिए टेंडर भी हो चुके हैं। ठेकेदार को विभाग की ओर से तीन महीने के भीतर पुल बनाने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि आम लोगों को जल्द पुल का लाभ मिल सके। पुल बनने से लोगों को नदी के रास्ते जान जोखिम में डालकर आवाजाही नहीं करनी होगी।
इसके निर्माण से ग्राम पंचायत सूरी, किहार, भांदल और डांड की हजारों आबादी को लाभ मिलेगा। जो रोजाना नदी के रास्ते आवाजाही करने को मजबूर हैं। सबसे ज्यादा परेशानी स्कूली छात्रों को होती है। छात्र नदी के रास्ते आवाजाही करते समय पांव फिसलने से गिर भी सकते हैं। इसको देखते हुए ग्रामीण लंबे समय से मांग कर रहे थे, कि उपरोक्त नदी पर पक्के पुल का निर्माण किया जाए। लोगों की बार-बार की जाने वाली मांग को देखते हुए संबंधित विभाग ने पुल का बजट बनाकर स्वीकृति के लिए सरकार को भेजा। सरकार ने पुल निर्माण के लिए धनराशि स्वीकृति कर दी है। जो विभाग के पास पहुंच चुकी है। तीन महीनों के बाद ग्रामीण नदी के रास्ते आवाजाही करने से मुक्त हो जाएंगे। इसको लेकर किहार की प्रधान बेबी मांगरा, सूरी की प्रधान गीता देवी, स्नूह के प्रधान फारूक बट्ट ने स्थानीय प्रशासन और लोनिवि का आभार जताया है।
इनसेट
लोनिवि के अधिशाषी अभियंता पीसी शर्मा ने बताया कि पुल निर्माण को लेकर टेंडर हो चुके हैं। ठेकेदार को तीन महीने के भीतर पुल निर्माण करने के निर्देश दिए हैं।