चंबा। पंडित जवाहर लाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा में 71 छात्रों ने एमबीबीएस कोर्स में अपनी एडमिशन करवाई। जबकि 21 छात्रों ने अपना माइग्रेशन करवा दिया है। जबकि आठ सीटें रिजर्व कोटे की खाली हैं। इसकी वजह से मेडिकल कॉलेज चंबा में 29 सीटें अभी भी खाली चल रही हैं। इन सीटों को भरने के लिए शिमला में दोबारा से काउंसलिंग रखी गई है। जो 24 से 27 जुलाई तक चलेगी। काउंसलिंग प्रक्रिया से चंबा मेडिकल कॉलेज सहित अन्य मेडिकल कॉलेजों में खाली बची सीटों को भरा जाएगा। पहली काउंसलिंग में चंबा मेडिकल कॉलेज में 92 सीटें भर गई थी। मगर एडमिशन लेने के लिए 71 छात्र ही पहुंचे।
अन्य छात्रों ने दूसरे मेडिकल कॉलेज में अपनी माइग्रेशन करवा ली। मेडिकल कॉलेज चंबा का दूसरा सत्र शुरू होने में दस दिन बचे हैं। अगस्त माह में मेडिकल कॉलेज में एमबीबीएस का दूसरे सत्र आरंभ हो जाएगा। ऐसे में मेडिकल कॉलेज प्रबंधन दूसरे सेशन की तैयारियों में जुट गया है। एमबीबीएस प्रशिक्षुओं के रहने के लिए हॉस्टल और कैंटीन की व्यवस्था की जा चुकी है। जबकि उनकी कक्षाएं दरबार हॉल में ही चलेंगी। यहां पर प्रशिक्षुओं के बैठने की पूरी व्यवस्था है। दूसरा सत्र आरंभ होने के साथ मेडिकल कॉलेज में टीचिंग स्टाफ की भी बढ़ोतरी हुई है। इसके अलावा डॉक्टरों की संख्या में भी इजाफा हो रहा है। यह चंबावासियों के लिए खुशी की बात है। चंबा वासियों को अब बीमारी का उपचार करवाने के लिए जिला से बाहर नहीं जाना पड़ रहा है।
मेडिकल कॉलेज में 71 छात्रों ने ली एडमिशन : डॉ. अनिल ओहरी
मेडिकल कॉलेज प्राचार्य डॉ. अनिल ओहरी ने बताया कि मेडिकल कॉलेज में 71 छात्र एडमिशन ले चुके हैं। जबकि बची हुई बाकी सीटों को भरने के लिए 24 से 27 जुलाई तक दोबारा काउंसलिंग होगी। अगस्त माह में एमबीबीएस का दूसरा सत्र आरंभ कर दिया जाएगा।