तीसा (चंबा)। तीसा के सेई पुल गांव में 15 दिनों से पेयजल सप्लाई बाधित होने से लोगों का जीना दुश्वार हो गया है। इससे गुस्साए ग्रामीणों ने पानी की सप्लाई बहाल नहीं होने की स्थिति में चक्का जाम करने की धमकी दी है। गांव में पानी के लिए हाहाकार मचा है। लोगों का आरोप है कि वह आईपीएच विभाग से कई बार इस बारे में शिकायत कर चुके हैं। मगर अभी तक समस्या जस की तस बनी हुई है। इस वजह से लोगों को दो किलोमीटर दूर से गाड़ियों में पीने का पानी लाना पड़ रहा है।
ग्रामीण खेमराज, यशवंत ठाकुर, पंडित खेमराज, लेखराज, करतार सिंह, महिंद्र सिंह और निधिया राम ने बताया कि सेईपुल गांव में 15 दिनों से नलों में पानी की बूंद नहीं टपकी है। हालांकि गांव में एक हैंडपंप भी लगा है। मगर इससे भी दूषित पानी निकल रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन व आईपीएच विभाग से पेयजल सप्लाई बहाल करने की मांग की है।
जल्द बहाल करवाई जाएगी पेयजल सप्लाई:भगत राम कनिष्ठ अभियंता भगत राम ने बताया कि उनके ध्यान में यह मामला नहीं है। जल्द ही गांव में जाकर स्थिति का जायजा लिया जाएगा। इसके साथ ही गांव की बंद पड़ी पेयजल सप्लाई को बहाल करवाया जाएगा।