अमर उजाला ब्यूरो
भरमौर(चंबा)। चंबा-भरमौर राष्ट्रीय उच्च मार्ग खड़ामुख के पास बराग नाली में चट्टानें गिरने से 12 घंटे वाहनों की आवाजाही के लिए बंद रहा। इस वजह से जिला मुख्यालय से तहसील मुख्यालय भरमौर का संपर्क टूट गया। इस वजह से होली और भरमौर में आने-जाने वाले लोगों को भारी परेशानियों से जूझना पड़ा। मार्ग अवरुद्ध होने से भरमौर और होली की तरफ जाने वाली दर्जनों सरकारी और निजी बसों सहित छोटे वाहन मार्ग में फंसे रहे। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ने करीब 12 घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद चट्टान को मार्ग से हटाकर बहाल किया।
जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात करीब बारह बजे अचानक खड़ामुख के पास बरागनाली में पहाड़ से चट्टानें गिर गई। इससे भरमौर और होली का मार्ग पूरी तरह से बाधित हो गया। गनीमत रही कि चट्टानें गिरते समय कोई वाहन इसकी चपेट में नहीं आया, नहीं तो कोई भी बड़ा हादसा हो सकता था। देर रात बाधित हुए मार्ग की वजह से चंबा से भरमौर और होली जबकि होली और भरमौर से चंबा के लिए जाने वाले वाहनों की आवाजाही रविवार को पूरी तरह से बाधित रही। इस वजह से मार्ग में एक दर्जन सरकारी और आधा दर्जन निजी बसों सहित बड़ी संख्या में छोटे वाहन भी फंसे रहे।
मार्ग बाधित होने के कारण सैकड़ों लोगों को परेशानियों से दो चार होना पड़ा।
इसके बाद सवारियों को पैदल ही भूस्खलन वाले हिस्से को पार करके गाड़ियों की अदला-बदली करनी पड़ी। मार्ग के बंद होने की सूचना मिलते ही राष्ट्रीय उच्च मार्ग प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंच गई। उन्होंने कड़ी मशक्कत के बाद रविवार दोपहर मार्ग को बहाल किया। इसके बाद कहीं जाकर यात्रियों ने राहत की सांस ली। खड़ामुख के पास आए दिन भूस्खलन होने से मार्ग बाधित हो जाता है। यही नहीं चट्टानें गिरने से कई लोग इसकी चपेट में आने से जान गंवा चुके हैं। मार्ग बंद होने से फंसे राहगीर चैन लाल, देवी प्रसाद, ओम प्रकाश, सुनील कुमार, अमर चंद, रूप लाल, किशोर और मामन सिंह ने बताया कि मार्ग की हालत दिन प्रतिदिन बदतर होती जा रही है। सूखे मौसम में भी मार्ग पर भूस्खलन हो रहा है। ऐसे में बारिश और बर्फबारी में मार्ग की हालत और खराब हो जाएगी। उन्होंने एनएच प्रबंधन और जिला प्रशासन से मांग की है कि मार्ग की हालत को जल्द से जल्द सुधारा जाए। ताकि राहगीरों और वाहन चालकों को कोई परेशानी न हो।
मार्ग को किया वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल : वीर सिंह
एनएच के सहायक अभियंता वीर सिंह ने बताया कि खड़ामुख के पास भूस्खलन होने से नेशनल हाईवे बाधित हो गया था। इसे वाहनों की आवाजाही के लिए बहाल कर दिया गया है।