अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। जिला मुख्यालय में रविवार को ग्रामीण विद्या उपासक संघ की बैठक का आयोजन किया गया। इसकी अध्यक्षता संघ के अध्यक्ष अशोक शर्मा ने की। इसमें विद्या उपासकों को पेश आ रही समस्याओं के बारे में चर्चा की गई। बैठक में जिला के सभी सदस्यों ने भाग लिया। बैठक में चर्चा की गई कि शिक्षा विभाग विद्या उपासकों को भी बीएड करने के लिए कहा जा रहा है। इसके कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। विद्या उपासकों का कहना है कि विभाग ने वर्ष 2014 में डाइट के माध्यम से दो वर्ष का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। इसके बाद 2011 से वह नियमित रुप से सेवाएं दे रहे हैं। कई विद्या उपासकों को लगातार 16 वर्ष का समय हो गया है। मगर अब बीएड करना उनके लिए काफी कठिन है। उन्होंने कहा कि जिस दौरान उनकी तैनाती की गई थी, उस समय बीएड जैसा कोई कोर्स नहीं था। वहीं जेबीटी का प्रशिक्षण लेने के बाद आरएडंपी रुल्स के तहत जो भी शर्तें रखी गई थी उन्हें पूरा करके सेवाएं दे रहे हैं। अगर सरकार ने इस शर्त को नहीं हटाया तो सभी शिक्षक वर्ग सड़कों पर विरोध करने के लिए विवश हो जाएंगे। बैठक में अशोक शर्मा, महेंद्र, प्रताप, सुभाष चंद सत्य शर्मा, दुर्गा प्रसाद, करतार सिंह, जीत सिंह, जहूर अहमद, राजेंद्र कुमार, मदनलाल, देवराज और पवन कुमार समेत अन्य शिक्षक मौजूद रहे।