अमर उजाल ब्यूरो
चंबा। जिले के युवाओं को अब स्पोर्ट्स कांपलेक्स की सुविधा मिलेगी। पुलिस विभाग ने पुलिस लाइन बारगाह में फिटनेस और स्पोर्ट्स कांपलेक्स की व्यवस्था की है। इसमें व्यायामशाला समेत टेबल टेनिस तथा सनूकर इत्यादि खेलें खेली जा सकेंगी। युवाओं को इसके लिए मेंबरशिप लेनी होगी। इसके लिए शुल्क निर्धारित किया गया है। स्पोर्ट्स कांपलेक्स के लिए कॉलेज और स्कूली विद्यार्थियों के लिए कम शुल्क तय किया गया है। इसकी सदस्यता लेने के लिए 3500 रुपये सालाना तय किया गया है। जबकि युवा 350 प्रतिमाह देकर भी इस सुविधा का लाभ ले सकते है। वहीं, स्कूली विद्यार्थियों के लिए दो हजार रुपये सालाना या फिर दो सौ रुपये मासिक शुल्क तय किया गया है। पुलिस विभाग की ओर से स्पोर्ट्स कांपलेक्स की व्यवस्था करने का मकसद युवाओं को नशे से दूर करना है।
यह रहेगी समयसारणी
स्पोर्ट्स कांपलेक्स गर्मियों में सुबह 05:00 से 07:00 बजे तक तथा शाम को 05:00 से 07:00 बजे, जबकि सर्दियों में सुबह 07:00 से 09:00 बजे तक तथा शाम को 04:00 से 06:00 बजे तक खुला रहेगा। इसके अलावा स्पोर्ट्स कांपलेक्स प्रतिदिन दोपहर 01:00 से 02:30 बजे तक भी खुला रहेगा। एसपी चंबा डॉ. मोनिका ने यह जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि स्पोर्ट्स कांपलेक्स का आगाज कर दिया गया है। इसमें स्कूली और कॉलेज स्टूडेंट्स के लिए विशेष छूट रखी गई है।