अमर उजाला ब्यूरो
तीसा (चंबा)। चुराह की 32 पंचायतों में बर्फबारी होने से ब्लैक आउट हो गया है। भारी बर्फबारी होने से चुराह में बिजली सप्लाई ठप है। बिजली के खंभे और लाइनें जगह-जगह क्षतिग्रस्त हो गए हैं। ठंड के साथ अंधेरा होने से लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। वीरवार सुबह के समय बिजली की सप्लाई गुल हो गई। जो शाम होने तक बहाल नहीं हो पाई। इस तरह से चुराह में बर्फबारी हुई है। उसे देखकर लगता है कि अगले दो दिनों तक बिजली की सप्लाई बहाल होने पर लंबा समय लगेगा। 42 पंचायतों में रहने वाली साठ हजार आबादी अंधेरे में रहने को मजबूर है।
दसवीं और बारहवीं कक्षा में पढ़ने वाले छात्रों की वार्षिक परीक्षाएं सिर पर हैं। ऐसे में बार-बार बर्फबारी होने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। बर्फबारी में छात्र स्कूल नहीं जा पाएंगे। इसके साथ ही बिजली गुल होने से वह घर के अंदर भी अंधेरे में नहीं पढ़ पा रहे हैं। स्थानीय निवासी राजेश कुमार, चैन लाल, देवी प्रसाद, सुरेंद्र, भाग चंद, रवि कुमार, हरीश कुमार, चमन सिंह, कमल और नरेंद्र ने बताया कि चुराह में सीजन की चौथी बर्फबारी हुई है। इसकी वजह से लोग सफेद आफत से परेशान हैं। बोर्ड के सहायक अभियंता रोशन लाल ने बताया कि बर्फबारी होने से बिजली की लाइनें क्षतिग्रस्त हो गई हैं। इसकी वजह से बिजली सप्लाई प्रभावित हुई है। मौसम साफ होते ही बिजली लाइनों को दुरुस्त कर दिया जाएगा।