खराब मौसम के कारण चंबा कॉलेज में परीक्षाएं की रद्द
अब 13 तारीख चौथे और छठे सेमेस्टर जबकि 18 फरवरी को फर्स्ट ईयर की होंगी परीक्षाएं बारिश और बर्फबारी के बीच कॉलेज पहुंचे विद्यार्थियों को झेलनी पड़ीं दिक्कतें
अमर उजाला ब्यूरो
चंबा। चंबा कॉलेज में फर्स्ट ईयर, चौथे और छठे सेमेस्टर के तहत वीरवार को होने वाली परीक्षा को खराब मौसम की वजह से स्थगित कर दिया है। हालांकि प्रशासन ने फैसला लेने में देरी की, जिस वजह से परीक्षा देने पहुंचे विद्यार्थियों को असुविधा का सामना करना पड़ा। बारिश बर्फबारी के बीच भी छात्र परीक्षा देने पहुंचे थे। मगर उन्हें कॉलेज पहुंचकर पता चला कि परीक्षा को रद्द कर दिया गया है। कॉलेज प्रशासन के मुताबिक इन परीक्षाओं को अब आगामी सप्ताह में किया जाएगा। 13 तारीख चौथे और छठे सेमेस्टर और 18 फरवरी को फर्स्ट ईयर की परीक्षा होगी। चंबा कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. शिव दयाल शर्मा ने बताया कि वीरवार को चौथे, छठे और प्रथम वर्ष की परीक्षा थी। मगर खराब मौसम के कारण परीक्षाओं को स्थगित कर दिया गया है। उन्होंने बताया कि 13 तारीख चौथे और छठे सेमेस्टर और 18 फरवरी को फर्स्ट ईयर की परीक्षा होगी।